अवैध महुआ शराब बिक्री में महिलाएं आगे, पुलिस ने संभाला मोर्चा
शराब माफिया बनी क्षेत्र की महिलाएं*

**अवैध महुआ शराब बिक्री में महिलाएं आगे, पुलिस ने संभाला मोर्चा**
**शराब माफिया बनी क्षेत्र की महिलाएं**
सारंगढ़ खबर,सारंगढ़—- जिले में अवैध महुआ शराब का व्यापार तेजी से पैर पसार रहा है और चौंकाने वाली बात यह है कि इस काले कारोबार में बड़ी संख्या में महिलाएं भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।कुछ दिनों पूर्व गुडेली पंचायत की महिलाओं ने अपने क्षेत्र में अवैध रूप से कोचियों द्वारा खुलेआम महुआ शराब बेची जा रही है जिसके एवज में गांव की सैकड़ो महिलाओं ने सारंगढ़ एसपी को ज्ञापन दिया था।लगातार क्षेत्र की महिलाएं अवैध शराब की बिक्री करते पकड़ी जा रही है।सारंगढ़ पुलिस की रोजाना कार्रवाई में कई महिलाएं अवैध शराब के साथ पकड़ी जा रही हैं, जिससे यह साफ होता जा रहा है कि महिलाएं अब केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि वितरक की भूमिका में भी हैं। जिला इन दिनों अवैध शराब कोचियों का गढ़ बनता जा रहा है। जहां एक ओर आबकारी विभाग खानापूर्ति कर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर रहा है, वहीं दूसरी ओर पुलिस विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए मोर्चा संभाल लिया है। लगातार छापेमारी और धरपकड़ की कार्रवाई कर पुलिस ने कई स्थानों पर महुआ शराब की फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया है।आबकारी विभाग की निष्क्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि विभाग की जिम्मेदारी के बावजूद अवैध शराब का कारोबार दिनदहाड़े फल-फूल रहा है। वहीं, पुलिस की तत्परता से यह उम्मीद जागी है कि यदि विभागीय समन्वय और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ कार्य किया जाए तो जिले को इस अवैध धंधे से मुक्त किया जा सकता है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि वह महिलाओं की संलिप्तता को नजरअंदाज नहीं करेगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। अब देखना यह होगा कि आबकारी विभाग कब नींद से जागेगा।




