रायगढ़ में संविधान निर्माता का अपमानः डॉ अंबेडकर की प्रतिमा पर लगाई मिट्टी,
भीम आर्मी ने किया प्रदर्शन, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

रायगढ़ में संविधान निर्माता का अपमानः डॉ अंबेडकर की प्रतिमा पर लगाई मिट्टी,
भीम आर्मी ने किया प्रदर्शन, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
रायगढ़
रात में किसी अज्ञात शख्स ने इस कृत्य को अंजाम दिया, सुबह मामले की जानकारी हुई।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में रविवार रात किसी अज्ञात शख्स ने बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर मिट्टी लगा दी। आज सुबह जानकारी लगने के बाद भीम आर्मी और सर्व समाज के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और आंदोलन शुरू कर दिया। अज्ञात आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
कलेक्ट्रेट कार्यालय रोड पर अंबेडकर चौक पर बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है। जहां सोमवार सुबह करीब दस बजे लोगों ने देखा कि बाबा साहब की प्रतिमा पर किसी ने मिट्टी पोत दिया है।
**भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी**
जिसके बाद धीरे-धीरे मामले की जानकारी भीम आर्मी समेत अन्य समाज के लोगों और कांग्रेस के पदाधिकारियों को होने लगी। ऐसे में सभी यहां जमां हो गए और बाबा की प्रतिमा का इस तरह अपमान करने को लेकर आक्रोशित होकर नारेबाजी शुरू कर दी।
भीम आर्मी के लोग यहां जमीन पर बैठकर आंदोलन शुरू कर दिया। नारेबाजी करते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। तब तक मामले की सूचना प्रशासन और पुलिस को लग चुकी थी।
ऐसे में एसडीएम समेत अलग-अलग थाना के थानेदार और पुलिस बल मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाईश देने लगे, लेकिन कोई भी मानने को तैयार नहीं था। सभी का एक स्वर में कहना था कि दोषियों पर कार्रवाई हो।
दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए
भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष श्रवण कुमार महेश ने कहा कि रायगढ़ एक शांतिप्रिय जगह है और यहां इस प्रकार का कृत्य किया गया है। हम चाहते हैं कि जो भी ऐसा किया है, उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किया जाए।
**बाबा साहेब का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे**
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि बाबा साहेब का अपनाम हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। जो ऐसा किया है उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किया जाए। तत्काल उन्हें पकड़ा जाए और ऐसी कार्रवाई किया जाए कि दोबारा इस तरह का प्रयास न कर सके।
यहां चारो तरफ प्रशासन सीसीटीवी कैमरा लगाए। ताकि दोबारा ऐसा कोई न कर सके। असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किया जाए।




