
छत्तीसगढ़ में कोविड के 7 और मरीज मिले:
कुल केस 69, एक्टिव 48; रायपुर-बिलासपुर रेड जोन, सबसे ज्यादा मरीज इन्हीं 2 जिलों से
रायपुर
छत्तीसगढ़ में मंगलवार को कोविड 7 नए मरीज मिले हैं। इनमें रायपुर से 2, बिलासपुर से 3, दुर्ग और बेमेतरा में एक-एक मरीज हैं। इसके प्रदेश कोविड केसेस की कुल संख्या 69 हो गई है। इनमें से 21 रिकवर हो चुके हैं। वहीं 48 एक्टिव हैं। पिछले 3 दिनों की बात करें तो कोविड के कुल 20 मरीज मिले हैं।
इस महीने कोविड के सबसे ज्यादा मरीज बीते शुक्रवार को यानी 6 मई को मिले थे। एक ही दिन में रायपुर में 11, बिलासपुर में 5 और बालोद में 1 कुल 17 मरीज मिले थे। नया वैरिएंट आने के बाद से ये एक दिन में सबसे बड़ा आंकड़ा था।
इसके बाद पूरा प्रशासन हाई अलर्ट मोड पर आ गया है। शासकीय जिला अस्पतालों और दूसरे हेल्थ सेंटर्स में टेक्निकल और नॉन-टेक्निकल सभी तरह के स्टाफ की ट्रेनिंग भी शुरू कर दी गई है।
सैंपल कलेक्शन से लेकर कोविड मरीज के इलाज तक की ट्रेनिंग स्टाफ को दी जा रही है। साथ ही एमरजेंसी सिच्युएशन से निपटने के लिए मॉकड्रिल भी कराई गई है। ओवर ऑल बात करें तो प्रदेश में अब तक रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बालोद, बस्तर और बेमेतरा कुल छह जिलों में कोविड के पेशेंट मिल चुके हैं।



