जमीन विवाद में हत्या, चाचा और बड़े पिता सहित 7 गिरफ्तार

जमीन विवाद में हत्या, चाचा और बड़े पिता सहित 7 गिरफ्तार
सारंगढ़ खबर,सारंगढ़—-
पारिवारिक जमीन में खेत को बोने के लिए हुए विवाद में चाचा, बड़े पिता और चचेरे भाई सहित सात लोगों ने अधेड़ सोहन लाल मरकाम, उसकी पत्नी सुकमोती एवं उसके पुत्र व्यंकटेश पर जानलेवा हमला कर दिया।
जिससे सोहन लाल की मौत हो गई। उसकी पत्नी और बेटे की हालत गंभीर है। दोनों को इलाज के लिए पिथौरा अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सालिहा थाना अंतर्गत ग्राम कुशभाठा में भाइयों के बीच खेत का बंटवारा और इस वर्ष खेत में धान बोने को लेकर विवाद चल रहा था। अन्य भाइयों ने सोहन लाल मरकाम को धान बोने से मना किया था इसके बावजूद उसके द्वारा धान बोया गया। 16 जुलाई को बंधिया तालाब के ऊपर के खेत में ट्रैक्टर से धान बुआई की गई।
खेत से ट्रैक्टर निकल कर बाहर चला गया था और खेत में धान बोने के बाद सोहन मरकाम, उसकी पत्नी एवं पुत्र खेत के पानी की निकासी के लिए रास्ता बना रहे थे। इसी बीच उसके बड़े पिता, चाचा एवं सोहन के चचेरे भाई लोग आए और आक्रोशित होकर सोहन एवं उसकी पत्नी, पुत्र को गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे बाद में इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और सातों आरोपियों ने सोहन उसकी पत्नी व बेटे पर हमला कर दिया। जिससे तीनों घायल हो गए । तीनों गंभीर रूप से घायल को एंबुलेंस से उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया जा रहा था। जहां रास्ते में सोहन मरकाम ने दम तोड़ दिया।
हत्या के मामले में इन सात आरोपियों को किया गिरफ्तार सलिहा थाना प्रभारी अमृत भार्गव के अनुसार भाई भाई में खेत जमीन का बटवारा को लेकर विवाद चल रहा था। सोहन मरकाम की हत्या के आरोप में सात आरोपियों के खिलाफ धारा 296,351 (1), 191 (2) 191(3), 103 (2) बीएनएस के तहत अपराध कायम किया गया। 7 आरोपियों राजेंद्र 27 साल पिता गोपाल मरकाम, मुकेश 34 साल पिता लकेश्वर मरकाम, रमेश 48 साल पिता बलराम मरकाम, नरेश 50 साल पिता बलराम मरकाम, नीरेंद्र 36 साल पिता बलराम मरकाम, ओमप्रकाश 35 साल पिता फुलेश्वर मरकाम, लकेश्वर 70 साल पिता रतन सिंह मरकाम को गिरफ्तार किया गया है।



