सारंगढ़ में प्रशासन ठप: तहसीलदार हड़ताल पर, एसडीएम का ट्रांसफर; आमजन बेहाल

*सारंगढ़ में प्रशासन ठप: तहसीलदार हड़ताल पर, एसडीएम का ट्रांसफर; आमजन बेहाल*
सारंगढ़ खबर न्यूज,सारंगढ़——- एक तरफ तहसीलदार हड़ताल पर हैं, दूसरी तरफ एसडीएम प्रखर चंद्राकर को बिना किसी प्रभार के रिलीव कर दिया गया है। नतीजा – पूरा तहसील कार्यालय बीते कई दिनों से वीरान पड़ा है। न कोई जिम्मेदार अफसर है, न कोई जवाबदेही। जनता अपने ज़रूरी कामों के लिए चक्कर पर चक्कर लगा रही है, लेकिन सुनने वाला कोई नहीं। तहसील कार्यालय में दाखिल होते ही सन्नाटा देखने को मिलता है। न नक्शा पास हो रहा, न नामांतरण की फाइल आगे बढ़ रही, न प्रमाण पत्र बन रहे। जिन कार्यों के लिए लोग रोज़ सुबह से कतार लगाते थे, आज वे मायूस लौट रहे हैं। अफसरों की कुर्सियां खाली हैं और कार्यालय में काम के नाम पर सिर्फ ताले लटक रहे हैं। एसडीएम प्रखर चंद्राकर को जिस तरह बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के रिलीव किया गया, वह भी कई सवाल खड़े करता है। क्या जिला प्रशासन को इस अस्थायी शून्यता की जानकारी नहीं? या फिर यह लापरवाही जानबूझकर बरती जा रही है?स्थिति यह है कि सारंगढ़ जैसे महत्वपूर्ण तहसील मुख्यालय की हालत ‘बिना कप्तान की नाव’ जैसी हो गई है। लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश है और वे शासन से तत्काल संज्ञान लेकर स्थायी प्रभार एवं व्यवस्था बहाल करने की मांग कर रहे हैं। यह हालात अगर यूं ही बने रहे, तो प्रशासनिक ढिलाई जनआक्रोश में बदलना तय है।



