स्कूल से नदारद प्रभारी प्राचार्य समेत छह को नोटिस
नये जिला शिक्षा अधिकारी डहरिया की लापरवाह शिक्षकों के ऊपर कार्यवाही तेज

नये जिला शिक्षा अधिकारी डहरिया की लापरवाह शिक्षकों के ऊपर कार्यवाही तेज
स्कूल से नदारद प्रभारी प्राचार्य समेत छह को नोटिस
सारंगढ़ खबर न्यूज,सारंगढ़—-
शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला गाताडीह में प्राचार्य समेत आधा दर्जन शिक्षक-शिक्षिकाओं को लापरवाही बरतने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने नोटिस जारी किया है। डीईओ जेआर डहरिया गुरुवार को स्कूल में औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे थे।
निरीक्षण के दौरान प्रार्थना तय समय पर शुरू कराई गई, लेकिन कई शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। एक शिक्षक पिछले आठ दिन से बिना सूचना के अनुपस्थित था। कमजोर छात्रों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं भी संचालित नहीं की जा रही थीं। कक्षा निरीक्षण में कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्रों के लिए विषयवार साप्ताहिक टेस्ट नहीं हो रहा था। प्राचार्य द्वारा इसका नियमित पालन नहीं किया जा रहा था। शिक्षक और लिपिकों के स्कूल आने के समय में भी लापरवाही पाई गई। डीईओ ने विलंब से स्कूल आने वाले और बिना सूचना के अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब मांगा है।
संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने उपस्थिति रजिस्टर की जांच की और छात्र-छात्राओं से बातचीत की। प्राचार्य द्वारा नियमित शाला अवलोकन नहीं किए जाने पर फटकार लगाई गई। डीईओ ने डीके प्रधान व्याख्याता को 12 अगस्त से 20 अगस्त तक बिना सूचना अनुपस्थित पाया। अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और लापरवाही के कारण प्रभारी प्राचार्य समेत आधा दर्जनशिक्षक-कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर राज्य कार्यालय को अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।



