सारंगढ़-बिलाईगढ़सारंगढ़ जिला प्रशासन

धान खरीदी की अव्यवस्था से 33 किसान परेशान, फसल तैयार लेकिन एक दाना भी नहीं बिका

*धान खरीदी की अव्यवस्था से 33 किसान परेशान, फसल तैयार लेकिन एक दाना भी नहीं बिका*

सारंगढ़ खबर न्यूज,सारंगढ—– जिले में धान खरीदी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के कटघरे में खड़ी नजर आ रही है। खम्हारडीह और सिलोरी गांव के 33 किसान आज ऐसी स्थिति में पहुंच गए हैं, जहां महीनों की मेहनत से उगाई गई फसल होने के बावजूद वे एक दाना धान तक नहीं बेच पा रहे हैं। कारण है पंजीयन में की गई प्रशासनिक गड़बड़ी, जिसने किसानों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। किसानों के अनुसार उनके गांव से मात्र तीन किलोमीटर की दूरी पर गाताडीह धान खरीदी केंद्र स्थित है, लेकिन बिना किसी पूर्व सूचना के उनका पंजीयन बरमकेला ब्लॉक के लेंद्रा खरीदी केंद्र में दर्शा दिया गया। इससे छोटे और सीमांत किसानों पर अतिरिक्त बोझ पड़ गया है। दूरस्थ केंद्र तक धान ले जाना न सिर्फ खर्चीला है, बल्कि जोखिम भरा भी साबित हो रहा है।
सबसे बड़ी चिंता यह है कि धान खरीदी के टोकन कटने की समय-सीमा में अब सिर्फ दो दिन शेष हैं। किसान लगातार विभागीय कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समाधान के नाम पर उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। पंजीयन सुधार या वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर अब तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है।
किसानों का सीधा सवाल है कि जब पास में खरीदी केंद्र उपलब्ध है तो पंजीयन दूसरे ब्लॉक में क्यों किया गया। धान खरीदी जैसी संवेदनशील व्यवस्था में की गई यह लापरवाही किसानों की आजीविका पर सीधा प्रहार है। हैरानी की बात यह है कि पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारी भी खुलकर जवाब देने से बचते नजर आ रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button