सड़क से सदन तक की लड़ाई में आखिर बरमकेला तहसील में शामिल हुए डभरा व आमाकोनी पंचायत के 7 गांव

सड़क से सदन तक की लड़ाई में आखिर बरमकेला तहसील में शामिल हुए डभरा व आमाकोनी पंचायत के 7 गांव
विधायक उत्तरी जांगड़े द्वारा विधानसभा में प्रश्न लगाए जाने के बाद काम काज बरमकेला में हुआ प्रारंभ
सारंगढ़। विधानसभा क्षेत्र सारंगढ़ के बरमकेला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत डभरा एवं आमाकोनी को सरिया तहसील से हटाकर बरमकेला तहसील में शामिल कर लिया गया है। इस संबंध में राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने विधानसभा में जानकारी दी। यह जानकारी विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े के प्रश्न के उत्तर में दी गई।
राजस्व मंत्री ने बताया कि कार्यालय कलेक्टर, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा अधिसूचना क्रमांक 563 दिनांक 08 अक्टूबर 2025 के माध्यम से ग्राम पंचायत डभरा एवं आमाकोनी को सरिया तहसील से बरमकेला तहसील में जोड़ने का आदेश जारी किया गया था।
इस निर्णय के तहत कुल 7 गांव — डभरा, भंवरपुर, आमाकोनी बड़े, आमाकोनी छोटे, भुकुर्रा, जामझोरी और डुडाईडीह — को सरिया तहसील से हटाकर बरमकेला तहसील में शामिल किया गया है।
राजस्व मंत्री ने बताया कि मैपिंग कार्य पूर्ण होने के बाद 19 फरवरी 2026 से इन ग्राम पंचायतों के सभी गांवों से संबंधित राजस्व विभाग के कार्य अब बरमकेला तहसील कार्यालय में ही संपादित किए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों में सुविधा मिलेगी।
इस निर्णय पर उक्त सातों गांवों के ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए क्षेत्रीय विधायक का आभार व्यक्त किया है।


