भ्रामक खबर से स्वीपर मोहल्लेवासियों में आक्रोश, पुलिस में शिकायत दर्ज.

**भ्रामक खबर से स्वीपर मोहल्लेवासियों में आक्रोश, पुलिस में शिकायत दर्ज..**
सारंगढ़। शहर के एक स्थानीय दैनिक समाचार पत्र में छपी एक कथित भ्रामक खबर को लेकर ‘स्वीपर मोहल्ला’ (वार्ड नं. 5) के निवासियों ने गहरा रोष व्यक्त किया है। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि दैनिक समाचार पत्र ने तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया है, जिससे उनके समाज की छवि धूमिल हुई है। इस संबंध में स्थानीय थाना प्रभारी को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपकर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायत के अनुसार, बीते 7 फरवरी 2026 को पुलिस द्वारा ‘मोची मोहल्ला’ स्थित कुछ घरों में गौ मांस के संबंध में छापेमारी की कार्रवाई की गई थी। आरोप है कि उक्त दैनिक समाचार पत्र ने अपने मुख्य पृष्ठ पर खबर प्रकाशित करते समय घटनास्थल का नाम गलत लिखते हुए इसे ‘स्वीपर मोहल्ला’ में हुई कार्रवाई बता दिया।
**सामाजिक छवि पर पड़ा बुरा असर**
मोहल्ले के निवासियों का कहना है कि वे नगर पालिका के कर्मचारी हैं और वर्षों से शांतिपूर्ण तरीके से रह रहे हैं। खबर में गलत नाम आने के कारण उन्हें निम्नलिखित समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जैसे-
1-बच्चों पर मानसिक दबाव- स्कूल जाने वाले बच्चों को उपहास और अपमान का सामना करना पड़ रहा है।
2-सामाजिक अपमान- सफाई कार्य के दौरान लोगों द्वारा उन्हें “गो भक्षक” जैसे तंज कसे जा रहे हैं।
3-जातीय अपमान- निवासियों ने बताया कि उनके मोहल्ले में यादव, निषाद और कुम्हार समाज के लोग रहते हैं, जो परंपरागत रूप से गौ-रक्षक माने जाते हैं। ऐसी खबर से उनकी धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुँची है।
**कड़ी कार्रवाई की चेतावनी-**
शिकायत पत्र में मोहल्लेवासियों ने स्पष्ट किया है कि यदि संबंधित समाचार पत्र के संपादक अमितेश केशरवानी और सह संपादक मयूरेश केशरवानी,प्रबंधन के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपने सम्मान की रक्षा के लिए धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।इसके पूर्व में भी इसी समाचार पत्र में सतनामी समाज के बारे में गलत शब्द का उपयोग किया गया था,जिस पर भी काफी बवाल देखने को मिला था।
”जानबूझकर गलत मोहल्ले का नाम लिखना न केवल पत्रकारिता की गरिमा के खिलाफ है, बल्कि यह क्षेत्र के सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की एक साजिश भी हो सकती है। हम न्याय चाहते हैं।”
— समस्त निवासी, स्वीपर मोहल्ला,सारंगढ




