एसपी सुनील शर्मा द्वारा जिले में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

🔶 गांजा और अवैध शराब परिवहन रोकने हेतु चलाया जाएगा विशेष अभियान।
🔶 साइबर अपराध सम्बन्धित मामलों में तत्काल कार्रवाई के कड़े निर्देश।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा के नेतृत्व में पुलिस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर पूर्ण विराम लगाना, साथ ही जिले के सभी थानों में लंबित शिकायतों, मर्ग, खात्मा और अपराध मामलों का त्वरित निराकरण करना तथा आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करना है।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था और थानों के कामकाज के संबंध में जानकारी ली। साइबर अपराध से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए गए, ताकि पीड़ितों को जल्द राहत मिल सके। जिले में गांजा और अवैध शराब के परिवहन पर कड़ी नजर रखने के लिए नाकेबंदी कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए, ताकि जिले को नशा मुक्त बनाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने कड़े शब्दों में कहा कि किसी भी थाने में 60 दिन से अधिक पुराना कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। सभी थाना प्रभारियों को तय समय-सीमा के भीतर मामलों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पीड़ित नागरिकों को समय पर न्याय मिल सके।




