Cmo chhattisgarhdprpibsarangarhTop newsजिला पंचायतजिला सारंगढ-बिलाईगढ़

बड़े नवापारा में स्वच्छता जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बड़े नवापारा में स्वच्छता जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ओडीएफ स्थायित्व एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया गया जोर

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 नवंबर 2026। विकासखंड बरमकेला के ग्राम पंचायत बड़े नवापारा में आज स्वच्छता जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) स्थिति के स्थायित्व को बनाए रखने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को घरेलू एवं सामुदायिक स्तर से निकलने वाले कचरे के चार श्रेणियों में स्रोत पर ही पृथक्करण, संग्रहण एवं प्रसंस्करण के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए नियमित रूप से घर-घर कचरा संग्रहण में सहयोग करने तथा कचरे को निर्धारित चार श्रेणियों के अनुसार अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर श्री ऋषिकेश तिवारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत द्वारा स्वच्छाग्रहियों का चयन कर घर-घर कचरा संग्रहण के लिए गार्बेज रिक्शा प्रदान किया गया। इससे ग्राम पंचायत में नियमित कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात ग्राम पंचायत में स्वच्छता जन जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि “स्वच्छता समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ गांव के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।” ग्रामीणों से घर-घर कचरा संग्रहण, कचरा पृथक्करण तथा गांव को स्वच्छ एवं कचरा मुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की गई।

कार्यक्रम में श्री ऋषिकेश तिवारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, श्रीमती संजू पटेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत,श्री निमिष कुमार साव जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, शिक्षकगण, स्वच्छाग्रही समूह के सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button