Cmo chhattisgarhdprpibpolitics sarangarhsarangarhTop newsजिला सारंगढ-बिलाईगढ़

बिरसा मुंडा का योगदान समाज के लिए अतुलनीय – श्रीकांत सोमावार

बिरसा मुंडा का योगदान समाज के लिए अतुलनीय – श्रीकांत सोमावार
भाजपा जिला कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित, 15 नवंबर को धर्मजयगढ़ में होगा भव्य जनजातीय गौरव कार्यक्रम
सारंगढ़। जिला भाजपा कार्यालय सारंगढ़ में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीकांत सोमावार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का योगदान केवल जनजातीय समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका संघर्ष और बलिदान संपूर्ण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण, अन्याय और आदिवासियों की जमीनों पर हो रहे कब्जे के खिलाफ आवाज बुलंद की थी।
श्री सोमावार ने कहा कि बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को हुआ था। वे बचपन से ही मेधावी थे। उनके पिता ने उन्हें मिशनरी स्कूल में शिक्षा के लिए भर्ती कराया। वहां उन्होंने महसूस किया कि मिशनरी शिक्षा के साथ-साथ भोले-भाले आदिवासियों की जमीनों पर भी कब्जा किया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष शुरू किया। मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजों की कैद में 9 जून 1900 को उनका निधन हो गया। उनके संघर्ष और बलिदान ने उन्हें भारतीय इतिहास में अमर स्थान दिलाया।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक जनजातीय समाज के महान नायकों के योगदान को अपेक्षित पहचान नहीं मिली। भाजपा ने जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक के रूप में नहीं, बल्कि देश के अभिन्न और सम्मानित हिस्से के रूप में देखा है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में जनजातीय कार्य मंत्रालय की स्थापना की गई तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय गौरव और उत्थान को विशेष महत्व दिया गया। बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
श्री सोमावार ने बताया कि आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर धर्मजयगढ़ में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि आज जनजातीय समाज को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर प्रतिनिधित्व मिल रहा है। केंद्र और राज्य सरकारें जनजातीय समुदाय के आवास, रोजगार, शिक्षा और विकास के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही हैं।
प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला प्रवक्ता भुवन मिश्रा, नगर मंडल अध्यक्ष निखिल केशरवानी, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हरिनाथ खुंटे, जिला मीडिया प्रभारी रवि तिवारी,अजजा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कमल सिदार, संजय सोरेंग, सतीश शर्मा महामंत्री एवं अजजा मोर्चा जिला महामंत्री,गोपाल बरिहा,कार्यालय प्रभारी चिंताराम साहू,गोपाल यादव,पदमन यादव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रवि तिवारी ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button