धड़ल्ले से दौड़ रहे ओवरलोड मालवाहक, जिम्मेदार विभाग नदारद – हादसों के बाद भी नहीं जाग रहा प्रशासन
*धड़ल्ले से दौड़ रहे ओवरलोड मालवाहक, जिम्मेदार विभाग नदारद – हादसों के बाद भी नहीं जाग रहा प्रशासन*
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले की सड़कों पर इन दिनों ओवरलोड मालवाहक वाहनों का बेखौफ संचालन देखने को मिल रहा है।धान,रेत, गिट्टी, ईंट और अन्य निर्माण सामग्री से लदे ट्रक और ट्रैक्टर क्षमता से कई गुना अधिक भार लेकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जिले में परिवहन विभाग की सक्रिय निगरानी नहीं होने और संबंधित अधिकारियों की अनदेखी के कारण यह अवैध कारोबार बेधड़क जारी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के कारण सड़कें तेजी से खराब हो रही हैं और आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। कई बार हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी सबक लेने को तैयार नहीं दिख रहे हैं। ग्रामीणों और राहगीरों को हमेशा भय बना रहता है कि कहीं तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहन किसी बड़ी दुर्घटना का कारण न बन जाएं। जानकारों का मानना है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं बरती गई तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। जिले में नियमित जांच, चेकिंग अभियान और कड़ी कार्रवाई की सख्त जरूरत महसूस की जा रही है। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों पर तत्काल अंकुश लगाया जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सड़कों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के संचालन की शिकायत गंभीर विषय है। इस मामले में संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए जाएंगे। यदि कहीं ओवरलोड परिवहन पाया जाता है तो नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है।



