किसान परिवार के बेटे मालिक राम पटेल ने UPSC मेंस परीक्षा की उत्तीर्ण, रेंगालमुड़ा गांव का बढ़ाया मान

**किसान परिवार के बेटे मालिक राम पटेल ने UPSC मेंस परीक्षा की उत्तीर्ण, रेंगालमुड़ा गांव का बढ़ाया मान**
**सारंगढ़ के किसान परिवार से निकलकर सिविल सेवा की मंजिल की ओर बढ़ाए कदम, क्षेत्र के युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत**
सारंगढ़ खबर न्यूज। मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। इस कहावत को सारंगढ़ के ग्राम रेंगालमुड़ा निवासी किसान परिवार के बेटे मालिक राम पटेल ने अपनी उपलब्धि से चरितार्थ किया है। श्री पीताम्बर पटेल एवं श्रीमती उत्तरा कुमारी के सुपुत्र मालिक राम पटेल ने देश की प्रतिष्ठित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा की मुख्य परीक्षा (मेंस) उत्तीर्ण कर अपने परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
एक साधारण किसान परिवार से आने वाले मालिक राम पटेल की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, संघर्ष और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दर्शाती है। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि सीमित संसाधन और ग्रामीण परिवेश किसी बड़े सपने को पूरा करने में बाधा नहीं बन सकते, बशर्ते लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर मेहनत हो।
मालिक राम की इस सफलता से परिवारजनों एवं ग्रामवासियों में हर्ष का माहौल है। क्षेत्र के लोग उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दे रहे हैं। अब उनकी निगाहें परीक्षा के अगले चरण पर टिकी हैं। सभी को उम्मीद है कि वे आगामी चरणों में भी सफलता हासिल कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में चयनित होकर अपने माता-पिता, गांव और जिले का नाम रोशन करेंगे।
मालिक राम पटेल की यह उपलब्धि ग्रामीण अंचल के उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं।


