नितिन नवीन का हेलिकॉप्टर तय स्थान पर लैंड नहीं हुआ: कोहरे के कारण फैसला, धरमजयगढ़ जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में आने वाले थे

नितिन नवीन का हेलिकॉप्टर तय स्थान पर लैंड नहीं हुआ: कोहरे के कारण फैसला, धरमजयगढ़ जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में आने वाले थे
रायगढ़ |
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया जा रहा है। दशहरा मैदान में आयोजित समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे। हालांकि, नितिन नवीन का हेलिकॉप्टर तय स्थान पर लैंड नहीं हो सका है।
जानकारी के मुताबिक फॉग के कारण ये फैसला लिया गया। लैंडिंग के लिए दूसरी जगह सर्च की जा रही है।
प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहुंच चुके हैं। कांग्रेस विधायक वाली इस सीट पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। धरमजयगढ़ रायगढ़ जिले की अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित विधानसभा सीट है। यह क्षेत्र आदिवासी बहुल है और राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
यहां कांग्रेस और बीजेपी के बीच मुकाबला लंबे समय से रहा है। पिछले 5 विधानसभा चुनावों के नतीजे देखें तो शुरुआती 2 चुनावों में बीजेपी को सफलता मिली, जबकि उसके बाद कांग्रेस ने लगातार 3 बार जीत दर्ज की।
देशभर में मनाया जाता है जनजातीय गौरव दिवस
15 नवंबर भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती है। उन्होंने जल, जंगल, जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था। उन्हीं की स्मृति में पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है।
आयोजकों के अनुसार यह समारोह केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि जनजातीय समाज के गौरव, परंपरा, नृत्य, गीत, भाषा और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है।


