छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 17 जजों को मिली नई जिम्मेदारी, हाईकोर्ट ने जारी किया नया ट्रांसफर list

सारंगढ से अमित राठौर रायपुर और डॉ मनोज कुमार प्रजापति सारंगढ के जिला सत्र न्यायाधीश बनाये गए
Judge Transfer List 2026: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने उच्च न्यायिक सेवा संवर्ग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। रजिस्ट्रार जनरल की ओर से जारी आदेश के तहत जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और हाईकोर्ट में पदस्थ कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस फेरबदल में बिलासपुर, रायपुर, जगदलपुर, बलौदाबाजार, बलरामपुर, सूरजपुर और सारंगढ़ समेत कई जिलों के न्यायिक अधिकारी शामिल हैं। हाईकोर्ट ने आदेश अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है और इसे प्रशासनिक आवश्यकताओं के तहत किया गया महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।
बिलासपुर, रायपुर, बलरामपुर और सारंगढ़ में भी बदलाव
हाईकोर्ट ने बिलासपुर के द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश रूपनारायण पात्रे को हाईकोर्ट लीगल सर्विस कमेटी का सचिव नियुक्त किया है। सिद्धार्थ अग्रवाल को प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जगदलपुर बनाया गया है। इसी तरह किरण कुमार जांगड़े को प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बलरामपुर-रामानुजगंज नियुक्त किया गया है। विनय कुमार प्रधान और डमरूधर चौहान के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है तथा रायपुर में उन्हें नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
इन न्यायिक अधिकारियों का भी हुआ तबादला
तबादला सूची में विनिता वारनेर को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सूरजपुर से बलौदाबाजार भेजा गया है। थामस एक्का को प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय सूरजपुर से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सूरजपुर बनाया गया है। वहीं, संगीता नवीन तिवारी को स्पेशल जज (NIA), जगदलपुर से प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बलौदाबाजार नियुक्त किया गया है।
डॉ. मनोज कुमार प्रजापति का तबादला बलरामपुर-रामानुजगंज से सारंगढ़ किया गया है। अमित राठौर को सारंगढ़ से रायपुर स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा सुमित कपूर को हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) पद से जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रायपुर तथा अमित कुमार कोहली को छत्तीसगढ़ न्यायिक अकादमी से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बलरामपुर-रामानुजगंज नियुक्त किया गया है।


