उफनते नाला पार करते अधेड़ बहा, मौत: 5 किमी दूर मिला शव,

सिकासेर डैम से छोड़ा गया पानी, 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट
रायपुर
गरियाबंद के उफनते सरगी नाला को पार करने के दौरान अधेड़ बह गया।
छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के बीच गरियाबंद में उफनते सरगी नाला को पार करते समय सहसपुर निवासी थनवार यादव (55) बह गया। लोगों के मुताबिक वह नशे में था। करीब 5 किमी दूर खुटेरी गांव में उसका शव मिला।
वहीं, सिकासार बांध से 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद पैरी नदी किनारे अलर्ट जारी किया गया है। इधर, मंगलवार को बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 3 ग्रामीण, सूरजपुर में एक किसान और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में एक महिला मजदूर की जान चली गई। इन हादसों में 11 लोग घायल हुए हैं।
उधर, सारंगढ़-बरमकेला के लाट नाले में बही कार में सवार पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी का दो दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। दोनों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।
गरियाबंद में बाढ़ जैसे हालात
लगातार बारिश से प्रदेश के कई नदी-नाले उफान पर हैं। गरियाबंद जिले के छिन्दोला-आमामोरा मार्ग पर बाढ़ जैसे हालात हैं। खोलापारा नाले के ऊपर से पानी बह रहा है। इस दौरान एक बाइक सवार ने नाले को पार करने की कोशिश की तो वह गिर गया। वहां मौजूद अन्य लोगों ने उसे बहने से बचाया।
जलभराव के कारण आमामोरा, ओढ़, कुकरार और नगरार का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। वहीं, सारंगढ़-बरमकेला में लाट नाले में बही कार में सवार पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी का 2 दिन बाद भी पता नहीं चल सका है। दोनों की तलाश जारी है।



