डेंगू-मलेरिया का खतरा चरम पर: फॉगिंग गायब, शहरवासी हलाकान!

*नगर में डेंगू-मलेरिया का खतरा चरम पर: फॉगिंग गायब, शहरवासी हलाकान!*
भरी बरसात में जगह जगह गंदगी और बीमारियों का खतरा
सारंगढ़–बिलाईगढ़। लगातार हो रही बारिश के बाद शहर में मच्छरों का प्रकोप खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है।कॉलोनियों, बाजारों और ग्रामीण इलाकों में शाम होते ही मच्छरों का झुंड लोगों का जीना मुहाल कर रहा है।जगह-जगह जमा पानी मच्छरों के लिए प्रजनन केंद्र बन चुका है, जिससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है।नगरवासियों का आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और जलभराव की समस्या के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं। कई मोहल्लों में वर्षो से फॉगिंग और दवा छिड़काव नहीं हुआ है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। स्वास्थ्य विभाग जागरूकता की बात तो कर रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्रवाई नदारद नजर आ रही है। विशेषज्ञों ने साफ-सफाई रखने, घरों के आसपास पानी जमा न होने देने और मच्छरदानी व रिपेलेंट उपयोग की सलाह दी है। वहीं, नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल फॉगिंग, नालियों की सफाई और दवा छिड़काव की मांग की है। अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह मच्छरों का आतंक गंभीर महामारी का रूप ले सकता है।



