सारंगढ़ विधानसभा में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग पर विधायक उत्तरी जांगड़े ने जताई चिंता, कलेक्टर से तत्काल कार्रवाई की मांग

सारंगढ़ विधानसभा में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग पर विधायक उत्तरी जांगड़े ने जताई चिंता, कलेक्टर से तत्काल कार्रवाई की मांग
सारंगढ़। सारंगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर औद्योगिक इकाइयों एवं अन्य स्रोतों से निकलने वाली फ्लाई ऐश (राखड़) को बिना अनुमति एवं निर्धारित मानकों का पालन किए खुले स्थानों, खेतों, सड़क किनारे तथा आबादी के आसपास डंप किए जाने की शिकायतों को लेकर विधायक श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े ने जिला कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ को पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने पत्र में कहा है कि अनियंत्रित फ्लाई ऐश डंपिंग से पर्यावरण, कृषि भूमि, जलस्रोतों तथा आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ने की आशंका है। तेज हवा और वाहनों की आवाजाही से फ्लाई ऐश के कण आसपास के क्षेत्रों में फैलने से वायु प्रदूषण की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है। वहीं खेतों एवं जल निकासी वाले क्षेत्रों में डंपिंग से भूमि एवं जल की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
विधायक ने कलेक्टर से मांग की है कि सारंगढ़ विधानसभा क्षेत्र में फ्लाई ऐश डंपिंग के संभावित सभी स्थलों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए। बिना अनुमति अथवा नियमों का उल्लंघन कर फ्लाई ऐश डंप करने वाले व्यक्तियों, परिवहनकर्ताओं एवं संबंधित संस्थाओं की पहचान कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
पत्र में फ्लाई ऐश परिवहन करने वाले वाहनों की जांच, कृषि भूमि, शासकीय भूमि, नदी-नाला, तालाब, जलस्रोत एवं आबादी के आसपास की गई अवैध डंपिंग को हटाने तथा प्रभावित क्षेत्रों में पर्यावरण एवं जल प्रदूषण की जांच कराने की मांग भी की गई है।
विधायक ने पर्यावरण, खनिज, राजस्व, परिवहन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम गठित कर विशेष जांच अभियान चलाने तथा भविष्य में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि सारंगढ़ विधानसभा की जनता के स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं कृषि भूमि की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए मामले में तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई किया जाना जरूरी है।



