राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा सारंगढ़–बिलाईगढ़, पांच संभागों के 330 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम*

*राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा सारंगढ़–बिलाईगढ़, पांच संभागों के 330 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम*
*4 से 7 अक्टूबर तक खेलभांठा मैदान सारंगढ़ में होगा खेल प्रतिभाओं का संगम*
*स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव होंगे मुख्य अतिथि, उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा करेंगे अध्यक्षता*
सारंगढ़–—–। जिले को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 की मेजबानी का अवसर मिला है। आगामी 4 से 7 अक्टूबर तक खेलभांठा मैदान सारंगढ़ में आयोजित होने वाली चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभाग बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा के कुल 330 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और दलों की मेजबानी के लिए जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि होंगे। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। जिला पंचायत सारंगढ़-बिलाईगढ़ के अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय तथा नगर पालिका परिषद सारंगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती सोनी अजय बंजारे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
*सॉफ्टबॉल, फुटबॉल और क्रिकेट में दिखेगा खिलाड़ियों का हुनर*
प्रतियोगिता के अंतर्गत 17 वर्ष आयु वर्ग में बालक एवं बालिका सॉफ्टबॉल, 14 वर्ष आयु वर्ग में बालक फुटबॉल तथा 17 वर्ष आयु वर्ग में बालिका क्रिकेट की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक संभाग से तीनों खेलों में 34 बालक और 32 बालिकाओं सहित कुल 66 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस प्रकार पांचों संभागों से कुल 330 खिलाड़ियों की सहभागिता होगी। चार दिनों तक सारंगढ़ में प्रदेश की शालेय खेल प्रतिभाओं का संगम देखने को मिलेगा।
*खिलाड़ियों की मेजबानी के लिए तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप*
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के व्यवस्थित एवं सफल आयोजन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, जिला खेल अधिकारी, नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खेल मैदान की तैयारी, खिलाड़ियों के आवास एवं भोजन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, सुरक्षा तथा प्रतियोगिता के सुचारू संचालन से जुड़ी अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों से सारंगढ़ पहुंचने वाले खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों, शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों के ठहरने की समुचित व्यवस्था की जा रही है। कलेक्टर ने आवास स्थलों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के स्थानीय खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों को भी प्रदेश की उभरती शालेय खेल प्रतिभाओं को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजन को गरिमामय, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।



