Cmo chhattisgarhdprpibsarangarhTop newsUncategorizedजिला सारंगढ-बिलाईगढ़वन विभाग

गोमर्डा के जंगलों में वन्यजीवों पर शिकारियों का कहर! तेंदुए के बाद दो सांभरों की मौत, वन विभाग की गश्त और निगरानी व्यवस्था कटघरे में*

**गोमर्डा के जंगलों में वन्यजीवों पर शिकारियों का कहर! तेंदुए के बाद दो सांभरों की मौत, वन विभाग की गश्त और निगरानी व्यवस्था कटघरे में**
**बाघ की करंट से मौत के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था? कहीं 48 घंटे बाद मिलता है तेंदुए का शव तो कहीं सांभरों को मारकर खा रहे शिकारी, महिला डीएफओ और वन अमले की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल**

सारंगढ़ खबर न्यूज,सारंगढ—— सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के जंगलों में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जिले के गोमर्डा अभ्यारण्य और आसपास के वन क्षेत्रों में लगातार वन्यजीवों की मौत और कथित शिकार की घटनाएं सामने आ रही हैं। कहीं खेतों में बिछाए गए तार और करंट की चपेट में आकर वन्यजीव अपनी जान गंवा रहे हैं, तो कहीं शिकार के बाद उनके मांस को पकाकर खाने तक के मामले सामने आ रहे हैं। इन घटनाओं ने वन विभाग की गश्त, निगरानी और शिकारियों पर नियंत्रण की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
ताजा मामला बिलाईगढ़ वन परिक्षेत्र के धाराशिव बीट का है, जहां गोंदली बांधा जंगल स्थित कक्ष क्रमांक 446 में एक तेंदुए का शव मिला। बताया जा रहा है कि हाथियों की सर्चिंग के दौरान वन विभाग की टीम को करीब 48 घंटे बाद तेंदुए का शव मिला। शव से दुर्गंध आने की बात भी सामने आई है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक तेंदुए की मौत तीन से चार दिन पहले हुई हो सकती है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जंगल में नियमित गश्त और निगरानी का दावा करने वाले वन अमले को कई दिनों तक जंगल में पड़े वन्यजीव के शव की भनक तक क्यों नहीं लगी?
मामले की सूचना मिलने पर वनमंडलाधिकारी पुष्पलता टंडन मौके पर पहुंचीं। तीन सदस्यीय पशु चिकित्सकों की टीम ने तेंदुए का पोस्टमार्टम किया, वहीं जांच के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली गई। हालांकि तेंदुए की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है या शिकार अथवा करंट की वजह से, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल तेंदुए का दाह संस्कार कर दिया गया है।
**सोंडका में दो सांभरों की मौत, एक को पकाकर खाने का मामला**
वन्यजीवों की सुरक्षा में लापरवाही का एक और मामला वनांचल ग्राम सोंडका से सामने आया है। यहां खेत में बिछाए गए तार की चपेट में आने से दो सांभरों की मौत हो गई। मामले में चौंकाने वाली जानकारी यह है कि मृत सांभरों में से एक को कथित तौर पर आरोपियों ने पकाकर खा लिया। वन विभाग के अनुसार, इस मामले में तीन आरोपियों की पहचान की गई है, जो घटना के बाद से फरार हैं। वन विभाग उनकी तलाश में जुटा हुआ है। मौके पर वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा मृत सांभरों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
**बाघ की मौत के बाद भी नहीं बदली तस्वीर, आखिर किसकी जिम्मेदारी?**
गौरतलब है कि पिछले वर्ष गोमर्डा अभ्यारण्य में राष्ट्रीय पशु बाघ की मौत भी करंट की चपेट में आने से हुई थी। वहीं बरमकेला वन परिक्षेत्र में तेंदुए की मौत का मामला भी सामने आ चुका है। इसके अलावा छोटे वन्यजीवों के शिकार की घटनाएं भी लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। इसके बावजूद जंगलों में शिकारियों पर प्रभावी नियंत्रण और नियमित गश्त को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जंगलों में वन्यजीवों का शिकार लगातार हो रहा है, तो वन विभाग का मैदानी अमला आखिर क्या कर रहा है? क्या जंगलों में नियमित गश्त नहीं हो रही है? क्या संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं? और यदि विभाग को घटनाओं की जानकारी कई दिनों बाद मिलती है, तो इसकी जवाबदेही आखिर किसकी तय होगी?
गोमर्डा अभ्यारण्य सहित जिले के वन क्षेत्रों में वन्यजीवों की संख्या और जैव विविधता को सुरक्षित रखना वन विभाग की जिम्मेदारी है। लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाएं विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। अब जरूरत केवल घटनाओं के बाद पोस्टमार्टम और आरोपियों की तलाश तक सीमित रहने की नहीं, बल्कि शिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, नियमित गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने की है।
वन्यजीवों की मौत का सिलसिला आखिर कब थमेगा और जंगलों की सुरक्षा में कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी? यह सवाल अब क्षेत्र के लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button