कलेक्टर कोर्ट की सुनवाई में समय पर उपस्थित रहें: सुनील

कलेक्टर कोर्ट की सुनवाई में समय पर उपस्थित रहें: सुनील
सारंगढ खबर ,सारंगढ़—-
बिलासपुर संभाग आयुक्त डॉ. सुनील जैन ने कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस में संभाग के सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि आम जनता के लिए तय कोर्ट की सुनवाई में समय पर उपस्थित रहें। यदि किसी जरूरी कार्य के कारण कोर्ट में उपस्थित नहीं हो सकते तो इसकी जानकारी आवेदक और अनावेदक को पहले दें। कोर्ट की तारीख वाले दिन
कलेक्टर कोई दौरा न करें।
कॉन्फ्रेंस में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने बताया कि जिले के पटवारियों को हर सप्ताह राजस्व कार्यों का लक्ष्य दिया जा रहा है। तहसीलदार और एसडीएम इसकी लगातार समीक्षा कर रहे हैं। नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, त्रुटि सुधार और डायवर्सन कार्य का 83.90 प्रतिशत निराकरण हो चुका है। नक्शा अपडेट 66.36 प्रतिशत, डिजिटल हस्ताक्षर 98.01 प्रतिशत, मुआवजा वितरण 89.95 प्रतिशत और स्वामित्व योजना का 99.85 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। संभाग आयुक्त डॉ. जैन ने भू-अर्जन मामलों में रिकॉर्ड दुरुस्त करने को कहा। यदि किसी को पहले भुगतान हो चुका है तो उसकी जांच करने का भी निर्देश उन्होंने दिया है। राजस्व कार्यों में तेजी लाने के लिए तहसीलदार पुष्पेंद्र राज को बरमकेला तहसील और तहसीलदार शनि पैकरा को भू-अभिलेख शाखा, जिला कार्यालय सारंगढ़-बिलाईगढ़ का कार्य सौंपा गया है।



