चुनाव प्रभारी रजनीश सिंह ने नगर पालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर की संगठनात्मक बैठक

चुनाव प्रभारी रजनीश सिंह ने नगर पालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर की संगठनात्मक बैठक
कार्यकर्ताओं में भरा जोश, वार्डवार घोषणा पत्र, संकल्प पत्र और चुनावी रणनीति पर हुई चर्चा
सारंगढ़ खबर न्यूज। सारंगढ़ नगर पालिका के आगामी चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में नगर पालिका चुनाव प्रभारी एवं बेलतरा के पूर्व विधायक रजनीश सिंह ने भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की। बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए सक्रिय होने का आह्वान करते हुए चुनावी तैयारियों की समीक्षा की और विभिन्न विषयों पर उनके सुझाव भी मांगे।
कार्यक्रम की शुरुआत में चुनाव प्रभारी रजनीश सिंह,ज्योति पटेल ने भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित किए। इसके पश्चात उन्होंने आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, वार्डवार रणनीति और चुनावी प्रबंधन से जुड़े प्रमुख विषयों पर चर्चा की।
सारंगढ़ नगर पालिका के 15 वार्डों में कुल 31 बूथ हैं। बैठक में सभी वार्डों में संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक चुनावी तैयारियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जानकारी के अनुसार, अब तक 15 में से 11 वार्डों की संगठनात्मक बैठकें पूरी हो चुकी हैं। शेष वार्डों में भी जल्द बैठक आयोजित कर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय स्तर पर प्राप्त सुझावों के आधार पर चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की बात कही गई।
वार्डवार घोषणा पत्र और संकल्प पत्र बनाने पर जोर
बैठक में नगर पालिका के सभी 15 वार्डों के लिए अलग-अलग घोषणा पत्र तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही नगर के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों को शामिल करते हुए व्यापक घोषणा पत्र एवं संकल्प पत्र तैयार करने पर चर्चा हुई।
नगर में पिछले तीन वर्षों के दौरान हुए निर्माण कार्यों की जानकारी संकलित करने, भाजपा के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का विवरण तैयार करने तथा विभिन्न कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास से संबंधित जानकारी एकत्रित करने पर जोर दिया गया, ताकि विकास कार्यों का विवरण व्यवस्थित रूप से जनता के सामने रखा जा सके।
चुनाव कार्यालय से लेकर सोशल मीडिया तक तय होगी जिम्मेदारी
आगामी चुनाव के मद्देनजर सभी 15 वार्डों में चुनाव कार्यालय के लिए स्थान चिह्नित करने तथा नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के लिए भी चुनाव कार्यालय तय करने पर चर्चा की गई। इसके अलावा चुनाव संचालन समिति के गठन और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्धारण पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार को प्रभावी बनाने, इसके लिए जिम्मेदारियां तय करने तथा चुनाव संबंधी गतिविधियों के समन्वय के लिए कॉल सेंटर कार्यालय निर्धारित करने का विषय भी प्रमुखता से उठा।
मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने के निर्देश
बैठक में 23 तारीख को प्रस्तावित मतदाता सूची पुनरीक्षण के मद्देनजर मतदाता सूची की समीक्षा, नामों की जांच तथा आवश्यक सुधारों को लेकर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं पर ध्यान देने और बूथ स्तर पर समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता बताई गई।
इसके साथ ही शासकीय कर्मचारियों से संबंधित शिकायतों और चुनाव के दौरान सामने आ सकने वाली प्रशासनिक समस्याओं की जानकारी व्यवस्थित रूप से संकलित करने के विषय पर भी चर्चा हुई।
कांग्रेस के कार्यकाल में अधूरे रहे कार्यों की सूची बनाने पर चर्चा
बैठक में सारंगढ़ नगर पालिका में पिछले पांच वर्षों से कांग्रेस की सरकार तथा विधानसभा क्षेत्र में पिछले दस वर्षों से कांग्रेस विधायक होने के संदर्भ में स्थानीय विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर चर्चा की गई।
कार्यकर्ताओं से नगर पालिका और विधायक स्तर पर उठाई गई उन मांगों की जानकारी जुटाने को कहा गया, जो अब तक पूरी नहीं हो सकी हैं। नगर की प्रमुख समस्याओं, अधूरे विकास कार्यों और वार्डवार आवश्यकताओं को संकलित कर आगामी घोषणा पत्र में शामिल करने पर जोर दिया गया, ताकि जनता के सामने स्थानीय मुद्दों पर आधारित विकास का दृष्टिकोण रखा जा सके।
विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर तैयार होगी बुकलेट
बैठक में नगर के विकास कार्यों, अधूरे कार्यों, स्थानीय समस्याओं, वार्डवार मांगों और प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी संकलित कर एक बुकलेट तैयार करने पर भी चर्चा हुई। इसका उद्देश्य नगर के विकास से जुड़े तथ्यों और स्थानीय मुद्दों को व्यवस्थित दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत करना है।
चुनाव प्रभारी रजनीश सिंह ने कार्यकर्ताओं से विभिन्न विषयों पर चर्चा कर उनके सुझाव प्राप्त किए। बैठक के दौरान उन्होंने बंद कमरे में भी कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की और उनकी मांगों, सुझावों तथा चुनावी तैयारियों से संबंधित विचारों को सुना।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने, वार्डवार जिम्मेदारियां तय करने और चुनाव से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया गया।
बैठक में ये रहे उपस्थित
इस संगठनात्मक बैठक में उपस्थित सर्वप्रथम भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, सुभाष जालान, जिला महामंत्री द्वय अमित तिवारी, द्वारिका साहू, नगर मंडल प्रभारी स्वर्णकार, मंडल अध्यक्ष जय बानी, जिला प्रवक्ता भुवनलाल मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता जगन्नाथ केशरवानी,अजय गोपाल,हरिनाथ खूंटे, अरविंद हरिप्रिया, अमित अग्रवाल,निखिल बानी, प्रकाश अग्रवाल,जीवन रात्रे,वीरेंद्र निराला,समीर ठाकुर,दुर्गा प्रताप सिंह,राजेश जायसवाल,सत्येंद्र बारगाह,जुली सिंह,रमेश तिवारी,यश कुमार, संजय सोरेन,हितेश अजगळे,बिट्टू केशरवानी, किशन गुप्ता,आदित्य सहित महिला मोर्चा से मंडल अध्यक्ष रविता भारद्वाज,चंद्रकांती ठाकुर,निर्मला बंजारे,अनुपमा केशरवानी सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम की पूरी जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रवि तिवारी के द्वारा दिया गया।



