सरकारी पैसों से अध्यक्ष ने खरीदा दीवान-पलंग, 60 लाख के खर्च पर उठे सवाल, भांजे की गाड़ी को भी भुगतान

सरकारी पैसों से अध्यक्ष ने खरीदा दीवान-पलंग, 60 लाख के खर्च पर उठे सवाल, भांजे की गाड़ी को भी भुगतान
छत्तीसगढ़ रजककार विकास बोर्ड के खर्चों से जुड़े दस्तावेजों में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। पत्रिका के पास मौजूद दस्तावेजों के मुताबिक, आरटीआई से मिली जानकारी में करीब 60 लाख रुपए के बिलों में गड़बड़ी उजागर हुई है। दस्तावेजों में बोर्ड अध्यक्ष और उनके स्टाफ के विश्राम के लिए सरकारी कार्यालय में दीवान और पलंग खरीदने का उल्लेख है। मामला यहीं तक सीमित नहीं है। दस्तावेजों के मुताबिक, बोर्ड की राशि अध्यक्ष ने निजी बैंक खाते में भी ट्रांसफर कराई।
इतना ही नहीं, अध्यक्ष के भांजे की गाड़ी को किराए पर लेने के नाम पर हजारों का भुगतान भी किया गया। इस भुगतान का हिसाब रखने वाली लॉगबुक की स्थिति और भी चौंकाने वाली है। उसमें न गाड़ी का नंबर दर्ज है, न तय दूरी यानी किलोमीटर का ब्योरा और न ही यह जानकारी है कि गाड़ी में किसने सफर किया। आरटीआई से सामने आए दस्तावेजों के बाद राजधानी के रविनगर स्थित बोर्ड के कार्यालय में हड़कंप मचा है। मामला जुलाई से दिसंबर 2025 के बीच बताया जा रहा है।
सिर्फ बिल फाड़ा, किलोमीटर और गाड़ी नंबर गायब
बोर्ड में खर्चों का हिसाब-किताब ऐसा रहा कि गाड़ी किराए का बिल तो जारी हुआ, लेकिन उनमें गाड़ी नंबर और किलोमीटर जैसी जरूरी जानकारियां ही दर्ज नहीं हैं। महालक्ष्मी ट्रैवल्स एंड ट्रांसपोर्ट और राजेंद्र ट्रैवल्स एंड ट्रांसपोर्ट के नाम पर लाखों रुपए के बिल जारी किए गए।
अध्यक्ष के खाते में सचिव ने ट्रांसफर कराई राशि
बोर्ड के सचिव रमाकांत मिश्रा ने अध्यक्ष प्रहलाद रजक के निजी बैंक खाते में किराए के वाहन के नाम पर भुगतान कराने की प्रक्रिया अपनाई। यह भुगतान भी सवालों के घेरे में है। प्राप्त दस्तावेजों में उल्लेख है कि रजककार विकास बोर्ड के चेक क्रमांक 000117 के माध्यम से 65,100 रुपए की राशि अध्यक्ष के बैंक ऑफ इंडिया के खाते में ट्रांसफर कराने के लिए तेलीबांधा स्थित यूको बैंक के शाखा प्रबंधक के नाम पर नोटशीट चलाई गई। वहीं, वावा प्रोजेक्ट के नाम पर भी सचिव ने आरटीजीएस के माध्यम से राशि ट्रांसफर कराई। इसके संचालक बोर्ड अध्यक्ष के भांजे बताए जा रहे हैं।
60 लाख रुपए में यह खरीदा
वित्तीय वर्ष 2025-26 में 60 लाख रुपए के विरुद्ध आवंटित राशि में व्यय विवरण भी चौकाने वाला है, जिसमें यात्रा-वाहन व्यय में 14 लाख, भवन किराया, बिजली बिल-3.96 लाख, अध्यक्ष का शपथ ग्रहण समारोह के लिए 5.00 लाख, फर्नीचर, आलमारी, एलईडी टीवी, सोफा, दीवान-पलंग आदि के लिए 5.15 लाख सहित अन्य खर्चे शामिल हैं।
काम सामाजिक उत्थान का, लेकिन खर्चों पर उठे सवाल
मामला उजागर होने के बाद संत गाडगे रजक सेना के प्रदेशाध्यक्ष बंशी कन्नौजे ने कहा कि अध्यक्ष के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी हैं। रजक विकास बोर्ड का काम समाज का उत्थान करना, धोबीघाट और लॉन्ड्री व्यवसाय को आधुनिक मशीनों से प्रोत्साहित करना, पारंपरिक व्यवसाय के लिए ऋण उपलब्ध कराना और युवाओं को प्रशिक्षण देना है। उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग की।
प्रहलाद रजक, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ रजककार विकास बोर्ड के मुताबिक, ” अधिकारियों से गलती हो गई होगी। इसे दिखवाता हूं। ऐसी गलती दोबारा न हो, इसके लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दूंगा।”मामले की जांच करावाऊंगा।



