सारंगढ़-बिलाईगढ़सारंगढ़ जिला प्रशासन

जिला मुख्यालय में ‘सीए एजेंटों’ का साम्राज्य! नियम ताक पर, आम लोग बन रहे ठगी के शिकार

*जिला मुख्यालय में ‘सीए एजेंटों’ का साम्राज्य! नियम ताक पर, आम लोग बन रहे ठगी के शिकार*

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिला मुख्यालय में इन दिनों कथित सीए एजेंटों का बोलबाला देखने को मिल रहा है। शहर में करीब आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर ऐसे एजेंट खुलेआम लोगों के दस्तावेज़ी काम करने का दावा करते हुए मोटी रकम वसूल रहे हैं। आरोप है कि बिना किसी वैध अधिकार और पंजीयन के ये लोग आयकर, जीएसटी, पैन, रजिस्ट्रेशन और अन्य वित्तीय कार्यों के नाम पर आम लोगों को गुमराह कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार कई एजेंट खुद को चार्टर्ड अकाउंटेंट का सहयोगी या प्रतिनिधि बताकर काम लेते हैं, जबकि वास्तव में उनके पास इस तरह के काम करने का अधिकृत प्रमाण नहीं होता। आम लोग नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी नहीं होने के कारण इनके झांसे में आ जाते हैं और कई बार ठगी का शिकार भी हो जाते हैं। सूत्रों के मुताबिक शहर में अलग-अलग जगहों पर आधा दर्जन से अधिक ऐसे केंद्र संचालित हो रहे हैं, जहां बिना किसी निगरानी के दस्तावेज़ तैयार करने और ऑनलाइन प्रक्रियाओं के नाम पर भारी शुल्क वसूला जा रहा है। इससे न केवल लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, बल्कि कई मामलों में गलत दस्तावेज़ बनने से कानूनी परेशानी भी खड़ी हो सकती है।विशेषज्ञों का कहना है कि चार्टर्ड अकाउंटेंट से जुड़े वित्तीय और कर संबंधी कार्य केवल अधिकृत और पंजीकृत पेशेवरों द्वारा ही किए जाने चाहिए।
*कलेक्टर ने दिए जांच के संकेत*
इस मामले में जब जिला प्रशासन का पक्ष जानने की कोशिश की गई तो कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कहा कि यदि बिना वैध अनुमति या पंजीयन के कोई व्यक्ति इस प्रकार के कार्य कर रहा है तो यह गंभीर मामला है। शिकायत मिलने पर संबंधित विभाग से जांच कराई जाएगी और नियमों के विरुद्ध काम करने वालों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बहरहाल अब लोगों की मांग है कि प्रशासन इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर अवैध रूप से संचालित एजेंटों पर सख्त कार्रवाई करे, ताकि आम जनता को ठगी से बचाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button