बच्चों की एक तस्वीर पड़ सकती है भारी! AI से अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहे साइबर अपराधी

बच्चों की एक तस्वीर पड़ सकती है भारी! AI से अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहे साइबर अपराधी
सोशल मीडिया पर बच्चे की मुस्कुराती तस्वीर पोस्ट करना अभिभावकों के लिए भले ही खुशी का पल हो, लेकिन यही तस्वीर साइबर अपराधियों के हाथ लगकर ब्लैकमेलिंग, फर्जी पहचान और अश्लील कंटेंट बनाने का जरिया भी बन सकती है। डिजिटल दुनिया में बच्चों की सुरक्षा का खतरा अब घर की चारदीवारी से निकलकर सोशल मीडिया तक पहुंच गया है।
साइबर अपराधी सामान्य तस्वीरों का इस्तेमाल कर साइबर मॉर्फिंग और एआई डीपफेक जैसी तकनीकों से आपत्तिजनक फोटो-वीडियो तैयार कर रहे हैं। इसे देखते हुए बस्तर पुलिस ने अभिभावकों को आगाह किया है कि लाइक्स और कमेंट्स की चाह में बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा से समझौता न करें। पुलिस ने स्कूल यूनिफॉर्म, आईडी कार्ड, रोजाना आने-जाने के रास्ते और लाइव लोकेशन वाली तस्वीरें सार्वजनिक मंचों पर साझा नहीं करने की अपील की है।
Cyber Crime in Chhattisgarh: तस्वीरों से तैयार करते हैं फर्जी अश्लील कंटेंट
साइबर मॉर्फिंग में अपराधी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम और फेसबुक से किसी बच्चे या व्यक्ति की तस्वीर डाउनलोड करते हैं। इसके बाद एडिटिंग टूल्स और एआई तकनीक की मदद से चेहरे को दूसरी अश्लील या फर्जी तस्वीरों और वीडियो में जोड़ दिया जाता है। कई बार तस्वीर इतनी वास्तविक दिखाई देती है कि सामान्य व्यक्ति के लिए असली और नकली में अंतर करना मुश्किल हो जाता है। इसके जरिए पीडि़त को बदनाम करने, डराने और ब्लैकमेल करने की कोशिश की जाती है।
मदद के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 और आपातकालीन सहायता 112 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा cybercrime. gov. in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
बरतें ये सावधानियां
बच्चों की तस्वीरें पोस्ट करने से पहले प्राइवेसी सेटिंग जांचें। स्कूल यूनिफॉर्म और आईडी कार्ड वाली तस्वीरें सार्वजनिक न करें। लाइव लोकेशन और लोकेशन टैग बंद रखें। अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। संदिग्ध मैसेज, फोटो या वीडियो मिलने पर तुरंत रिपोर्ट करें।



