छत्तीसगढ़ के मंत्रियों-विधायकों को Gen-Z से जुड़ने की नसीहत, कहा- सिर्फ प्रचार ही नहीं, पहुंचाना होगा लाभ

छत्तीसगढ़ के मंत्रियों-विधायकों को Gen-Z से जुड़ने की नसीहत, कहा- सिर्फ प्रचार ही नहीं, पहुंचाना होगा लाभ
प्रदेश भाजपा संगठन ने मंत्रियों और विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाकर जेन-जी से ज्यादा कनेक्ट होने का फरमान जारी किया है। संगठन की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि जनप्रतिनिधि केवल बैठकों और कार्यक्रमों तक सीमित न रहें, बल्कि लगातार क्षेत्र का दौरा कर आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित करें।
Chhattisgarh News: होंगे ये काम
खासतौर पर जेन-जी यानी नई युवा पीढ़ी से जुड़ने और उनकी अपेक्षाओं को समझने पर विशेष जोर दिया गया है। संगठन ने जनप्रतिनिधियों से कहा है कि युवाओं के बीच भाजपा और सरकार के कामकाज को नए और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए। सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म और युवा संवाद के माध्यम से जेन-जी को पार्टी की विचारधारा, विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं से जोड़ने की रणनीति पर काम करने को कहा गया है।
योजनाओं का प्रचार ही नहीं, लाभ भी पहुंचाना होगा
मंत्रियों और विधायकों को यह भी नसीहत दी गई है कि सरकार की योजनाओं का केवल प्रचार करने के बजाय पात्र हितग्राहियों तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचाने की जिम्मेदारी भी जनप्रतिनिधि निभाएं। क्षेत्र में नियमित दौरे कर योजनाओं की स्थिति की जानकारी लेने, लोगों की समस्याएं सुनने और अधिकारियों के माध्यम से उनका निराकरण कराने पर जोर दिया गया है।
गांव से लेकर शहरों तक जनसंपर्क अभियान चलाएं
भाजपा संगठन का मानना है कि सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इसके लिए गांवों से लेकर शहरों तक लगातार जनसंपर्क अभियान चलाने और स्थानीय स्तर पर लोगों से संवाद बढ़ाने की जरूरत बताई गई है।
जेन-जी पर खास फोकस
नई पीढ़ी को भाजपा से जोड़ने के लिए युवाओं के साथ संवाद, कैंपस और युवा समूहों तक पहुंच, रोजगार, शिक्षा, स्टार्टअप, खेल और डिजिटल अवसरों से जुड़े विषयों पर चर्चा बढ़ाने की रणनीति पर भी जोर दिया जा रहा है। संगठन चाहता है कि युवा केवल सोशल मीडिया पर पार्टी की गतिविधियों को देखने वाले दर्शक न रहें, बल्कि विकास और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करें।



