Cmo chhattisgarhdprnagar panchayat bilaigarhpibsarangarhTop newsUncategorizedजिला सारंगढ-बिलाईगढ़

बिलाईगढ़ का चीरघर या डरावना ठिकाना! गंदगी और खून के धब्बों के बीच हो रहा पोस्टमार्टम, मंजर ऐसा कि मुर्दे भी डर जाएं, जिम्मेदारों की संवेदना भी मृत!

*बिलाईगढ़ का चीरघर या डरावना ठिकाना! गंदगी और खून के धब्बों के बीच हो रहा पोस्टमार्टम, मंजर ऐसा कि मुर्दे भी डर जाएं, जिम्मेदारों की संवेदना भी मृत!*

बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ नगर के वार्ड क्रमांक 15, शुक्रवारी बाजार के पास स्थित चीरघर की हालत देखकर ऐसा लगता है मानो मरने के बाद भी मृतकों को सुकून नसीब नहीं हो रहा। पूरे अंचल में दुर्घटना या अन्य कारणों से होने वाली मौतों के पोस्टमार्टम के लिए यही एकमात्र चीरघर है, लेकिन इसकी हालत नरक से भी बदतर हो चुकी है चीरघर के अंदर खून से सनी हुई फर्श, पोस्टमार्टम में उपयोग की गई मेडिकल वेस्ट सामग्री, फैली हुई बदबू और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। चीरघर के चारों तरफ बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं, जिससे पूरा परिसर जंगल जैसा नजर आता है। परिजन जब अपने प्रियजन का शव लेने आते हैं तो इस दुर्दशा को देखकर उनकी पीड़ा और बढ़ जाती है। चीरघर की बदहाल स्थिति को देखते हुए अब पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर इतनी गंदगी और दुर्गंध के बीच डॉक्टर पोस्टमार्टम कैसे करते हैं? क्या चिकित्सक शव के पास जाकर आवश्यक जांच और परीक्षण करते हैं या फिर गंदगी के कारण दूर खड़े होकर अथवा खिड़की के आसपास से ही औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं? यदि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में शव का समुचित परीक्षण नहीं किया जाता, तो रिपोर्ट की सटीकता और विश्वसनीयता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। हालांकि वास्तविक स्थिति क्या है, यह संबंधित विभाग की जांच से ही स्पष्ट हो सकेगा। स्वास्थ्य विभाग को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि पोस्टमार्टम के दौरान निर्धारित चिकित्सकीय प्रक्रिया, स्वच्छता और संक्रमण से बचाव के मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं। हैरानी की बात यह है कि संबंधित विभाग के अधिकारी, डॉक्टर और पोस्टमार्टम करने वाले अधिकृत कर्मचारी प्रत्येक पोस्टमार्टम में यहां उपस्थित होते हैं, फिर भी उन्हें यह गंदगी नजर नहीं आती। सवाल उठता है कि क्या मृत व्यक्तियों के प्रति कोई सम्मान नहीं रह गया है? क्या उनके शव के प्रति कोई रहम नहीं है? आखिर बिलाईगढ़ स्वास्थ्य विभाग में स्वच्छता के प्रति क्यों हो रही है लापरवाही? पहले भी छप चुकी हैं खबरें यह पहला मामला नहीं है। पूर्व में भी अस्पताल के चारों तरफ झाड़ियों का अंबार, खिड़कियों से झांकती झाड़ियां, अस्पताल के पीछे फेंका जाने वाला मेडिकल वेस्ट, मरीजों को दिए जाने वाले खाने की खराब गुणवत्ता और डॉक्टरों द्वारा दवाई बाहर से खरीदने की सलाह देने संबंधी खबरें अखबारों में प्रकाशित हो चुकी हैं। हालांकि शिकायत के बाद झाड़ियों की सफाई तो कर दी गई, लेकिन अन्य शिकायतें आज भी जस की तस बरकरार हैं। अब चीरघर का मामला सामने आने से अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं। नगरवासियों और मृतकों के परिजनों की मांग है कि चीरघर की तत्काल साफ-सफाई कराई जाए, मेडिकल वेस्ट का सही निपटान किया जाए और चीरघर को साफ-सुथरा व सम्मानजनक बनाया जाए, ताकि मरने के बाद कम से कम मृतक को सम्मान तो मिल सके। अब देखना यह है कि अस्पताल प्रबंधन कब ध्यान देता है, या फिर अगली खबर के इंतजार में यह गंदगी यूं ही बनी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button