Cmo chhattisgarhdprpibsarangarhTop newsजिला सारंगढ-बिलाईगढ़सारंगढ़ जिला प्रशासन

सहायक आयुक्त आदिमजाति विभाग का गोरखधंधा: जिलेभर के छात्रावासों में अधिक दर्ज संख्या दिखाकर की जा रही वसूली!

सारंगढ में कई वर्षो से आदिमजाति विभाग में अधिकारी अंगद की पांव की तरह जमे हुए है**

सहायक आयुक्त आदिमजाति विभाग का गोरखधंधा: जिलेभर के छात्रावासों में अधिक दर्ज संख्या दिखाकर की जा रही वसूली!

**सारंगढ में कई वर्षो से आदिमजाति विभाग में अधिकारी अंगद की पांव की तरह जमे हुए है**

लेन्ध्रा बड़े प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास में विधायक उत्तरी जांगड़े का औचक निरीक्षण, 50 सीटर छात्रावास में केवल 19 छात्राएं मिलीं उपस्थित

सारंगढ़। सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े ने लेन्ध्रा बड़े स्थित प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास की व्यवस्थाओं में कई गंभीर खामियां सामने आईं। 50 सीटर छात्रावास में मौके पर केवल 19 छात्राएं उपस्थित मिलीं।

निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने विधायक को बताया कि उन्हें मच्छरदानी उपलब्ध नहीं कराई गई है। वहीं छात्राओं ने भोजन व्यवस्था को लेकर भी शिकायत करते हुए कहा कि मीनू के आधार पर भोजन नहीं दिया जाता। छात्राओं द्वारा दिए गए भोजन के चावल में कंकड़ मिलने तथा मिक्स दाल दिए जाने की बात भी विधायक के समक्ष रखी गई।

अधिक दर्ज संख्या दिखाकर शासकीय सामग्री में कथित हेरफेर का आरोप

निरीक्षण के दौरान छात्रावास में निशुल्क वितरित की जाने वाली साइकिलों को लेकर भी सवाल सामने आए। शिकायत के अनुसार अधिक दर्ज संख्या दिखाकर प्राप्त की गई निशुल्क साइकिलों को छात्रावास के एक कमरे में बंद करके रखा गया है।

इन परिस्थितियों के बीच आरोप लगाया गया कि जिलेभर के छात्रावासों में वास्तविक छात्र संख्या से अधिक दर्ज संख्या दिखाकर शासकीय सुविधाओं एवं सामग्रियों के नाम पर कथित रूप से वसूली का खेल चल रहा है। इस पूरे मामले में जिला स्तर पर उच्च अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच किए जाने की मांग उठ रही है।

सहायक आयुक्त बद्रीश सुखदेवे पर भी गंभीर आरोप

मामले में जिला के सहायक आयुक्त बद्रीश सुखदेवे की कार्यप्रणाली को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि उनके संरक्षण अथवा विभागीय स्तर की अनदेखी के चलते जिले के छात्रावासों में अधिक दर्ज संख्या दिखाने और उसके आधार पर शासकीय संसाधनों के उपयोग में अनियमितता का खेल चल रहा है।

हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

विधायक को नहीं दिखाया गया उपस्थिति पंजी और स्टॉक रजिस्टर

औचक निरीक्षण के दौरान एक और गंभीर मामला सामने आया। छात्रावास की अधीक्षक गायत्री टण्डन द्वारा विधायक को उपस्थिति पंजी एवं स्टॉक रजिस्टर नहीं दिखाए जाने की बात सामने आई।

विधायक द्वारा निरीक्षण के दौरान आवश्यक अभिलेखों की जानकारी मांगे जाने के बावजूद पंजी उपलब्ध नहीं कराए जाने से छात्रावास में दर्ज छात्र संख्या, वास्तविक उपस्थिति तथा शासकीय सामग्री के आवंटन एवं वितरण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रोटोकॉल के तहत निरीक्षण में पंजी नहीं दिखाने पर सवाल

विधायक के औचक निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी और स्टॉक रजिस्टर जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इसे विभागीय व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की कमी से जोड़कर देखा जा रहा है।

विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े ने छात्राओं से उनकी समस्याएं सुनीं और छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को शासन द्वारा निर्धारित सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण भोजन और आवश्यक सामग्री समय पर उपलब्ध होना चाहिए।

उन्होंने छात्रावास की वास्तविक छात्र संख्या, उपस्थिति पंजी, स्टॉक रजिस्टर, भोजन व्यवस्था तथा साइकिल सहित अन्य शासकीय सामग्रियों के वितरण की जांच कराने की मांग की।

लेन्ध्रा बड़े छात्रावास में सामने आई इन शिकायतों ने अब जिलेभर के छात्रावासों में दर्ज छात्र संख्या, शासकीय सामग्री के वितरण और विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जरूरत इस बात की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए और यदि अनियमितता प्रमाणित होती है तो जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button