भाजपा ने बदला सारंगढ़ मंडल अध्यक्षः निखिल बानी को मिली जिम्मेदारी
नगरपालिका चुनाव से पहले जय कुमार बानी को हटाया

भाजपा ने बदला सारंगढ़ मंडल अध्यक्षः निखिल बानी को मिली जिम्मेदारी
नगरपालिका चुनाव से पहले जय कुमार बानी को हटाया
सारंगढ़ —
भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यालय ने 14 अक्टूबर 2026 को निखिल बानी को सारंगढ़ नगर मंडल का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। अब जय कुमार बानी की जगह निखिल बानी संगठन की कमान संभालेंगे।
प्रदेश महामंत्री और मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन मार्कण्डेय के हस्ताक्षर से नियुक्ति आदेश जारी किया गया है। यह फैसला आगामी नगरपालिका चुनाव से पहले लिया गया है।
इस्तीफे का पत्र वायरल होने के बाद तेज हुई थीं चर्चाएं
सारंगढ़ भाजपा मंडल अध्यक्ष पद को लेकर पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक चर्चाएं चल रही थीं। हाल ही में पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष जय कुमार बानी के नाम से कथित इस्तीफा पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। हालांकि, जय कुमार बानी ने इस्तीफा देने की बात से इनकार किया था। अब उन्हें पद से हटाकर निखिलबानी को जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद स्थानीय राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
कुछ महीने पहले ही जय कुमार बानी को मिली थी जिम्मेदारी
जय कुमार बानी को कुछ महीने पहले ही सारंगढ़ नगर मंडल अध्यक्ष बनाया गया था। अब दिसंबर में प्रस्तावित नगरपालिका चुनाव से पहले उन्हें हटाकर नए अध्यक्ष की नियुक्ति को भाजपा के संगठनात्मक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।



