सारंगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बना अस्थाई जिला चिकित्सालय
स्वास्थ्य सेवाओं में जिले को मिली बड़ी सौगात*

*सारंगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बना अस्थाई जिला चिकित्सालय**
**स्वास्थ्य सेवाओं में जिले को मिली बड़ी सौगात**
**जिला अस्पताल के जीवनदीप समिति सदस्यों ने शासन को धन्यवाद ज्ञापित किया**
सारंगढ़ खबर,सारंगढ़——सारंगढ़ जिलेवासियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी राहत और खुशखबरी लेकर आया है। राज्य शासन का हालिया फैसला।सारंगढ़ जिले के स्वास्थ्य विभाग अधिकारी एफ आर निराला ने सारंगढ़ खबर अखबार के टीम को बताया कि अब तक सीमित संसाधनों में संचालित हो रहे सारंगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अस्थाई रूप से जिला चिकित्सालय के रूप में स्वीकृति दे दी गई है। यह आदेश छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा 30 जून 2025 को जारी किया गया है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का नवीन जिला अस्पताल भवन निर्माणाधीन है, जिसमें अपेक्षाकृत अधिक समय लगने की संभावना जताई गई है। इसी स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए, जिला कलेक्टर के प्रस्ताव पर स्वास्थ्य विभाग ने निर्णय लिया कि जब तक नया भवन पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक जिले की सभी प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं- स्टाफ, मशीनरी और आपातकालीन सुविधाओं सहित वर्तमान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सारंगढ़ से संचालित की जाएंगी। इस फैसले से अब सारंगढ़ जिलेवासियों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर या अन्य बड़े अस्पतालों की ओर भटकना नहीं पड़ेगा। खासकर दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को यहीं इलाज और सुविधाएं मिल सकेंगी। यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं की सहज उपलब्धता और सुदृढ़ व्यवस्था की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।इस आदेश से सारंगढ़ की जनता में खुशी की लहर देखने को मिल रही है।
**जीवनदीप समिति के सदस्यों ने शासन को धन्यवाद ज्ञापित किया**
सारंगढ़ जिला अस्पताल जीवनदीप समिति के सदस्य जिसमे जगन्नाथ केशरवानी, श्रीमती अनुपमा केशरवानी, संपादक रवि तिवारी,सतीश यादव,श्रीमती निर्मला जायसवाल सहित सभी सदस्यों ने शासन के द्वारा सारंगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अस्थायी रूप से जिला चिकित्सालय केंद्र बनाए जाने पर शासन और मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया है।



