पर्यावरण बचाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नही,सामाज के प्रत्येक व्यक्ति की है–पद्मिनी भोई*

**पर्यावरण बचाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नही,सामाज के प्रत्येक व्यक्ति की है–पद्मिनी भोई**
*फिट इंडिया की रफ्तार के साथ हरियाली का विस्तार*
*सायकल रैली में सारंगढ़, पर्यावरण संरक्षण बना जनअभियान*
सारंगढ़–बिलाईगढ़। फिट इंडिया अभियान और विश्व सायकल दिवस के अवसर पर सारंगढ़ में उत्साह, ऊर्जा और जनभागीदारी का अनूठा संगम देखने को मिला। खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में सुबह विश्राम गृह से कंपोजिट बिल्डिंग तक निकली सायकल रैली ने पूरे शहर को फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश दिया। रैली में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, ज्योति लाल पटेल, रेडक्रॉस अधिकारी लिंगराज पटेल सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा और खिलाड़ी बड़ी संख्या में शामिल हुए। “भारत माता की जय” और “फिट इंडिया” के नारों से पूरा वातावरण उत्साह से भर उठा।
*सायकलिंग के साथ हरियाली का संकल्प*
रैली के समापन पर कंपोजिट बिल्डिंग परिसर में पौधारोपण किया गया, जहां सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यह आयोजन सिर्फ सायकल रैली तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हरियाली बढ़ाने के संकल्प के साथ एक सार्थक पहल बनकर उभरा।
*पर्यावरण संरक्षण बना जनआंदोलन*
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सारंगढ जिले के बरमकेला सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर पौधारोपण और जागरूकता अभियान चलाया गया। आम, आंवला और जामुन जैसे पौधों के रोपण के साथ लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए सक्रिय भागीदारी निभाई।इस अभियान की सबसे खास बात यह रही कि यह केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनभागीदारी के साथ एक जनआंदोलन के रूप में सामने आया, जिसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी देखने को मिली।
*फिटनेस और पर्यावरण—दोनों पर जोर*
समापन सभा में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में किसी न किसी खेल को शामिल करना चाहिए। उन्होंने सायकलिंग और वॉकिंग को फिट रहने का सरल और प्रभावी माध्यम बताते हुए इसे अपनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि सायकलिंग से ईंधन की बचत होती है और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलता है।
*पर्यावरण संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी*
कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। जब तक समाज का हर व्यक्ति इस जिम्मेदारी को नहीं समझेगा, तब तक सुरक्षित भविष्य की कल्पना अधूरी रहेगी। बहरहाल सारंगढ़–बिलाईगढ़ में आयोजित सायकल रैली और पर्यावरण अभियान ने यह साबित कर दिया कि जब जनभागीदारी और जागरूकता साथ आती है, तो बदलाव की मजबूत शुरुआत होती है। यह आयोजन क्षेत्र को स्वस्थ, जागरूक और हरित दिशा में आगे बढ़ाने का सशक्त संकेत है।



