Cmo chhattisgarhdprpibsarangarhTop newsUncategorizedखेलजिला सारंगढ-बिलाईगढ़

छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान के लिए 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित

 

छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान के लिए 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित

युवा प्रतिभाओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले संगठनों को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान

व्यक्तिगत श्रेणी में 2.50 लाख और संगठन श्रेणी में 5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 15 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश के युवाओं को प्रोत्साहित करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में उनके उत्कृष्ट कार्यों और उपलब्धियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान योजना के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र युवा तथा संगठन 30 अक्टूबर 2026 तक कार्यालयीन समय में जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सारंगढ़–बिलाईगढ़ में अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान योजना के अंतर्गत युवा कल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों, सेवाओं एवं अभिनव प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाएगा। राज्य शासन द्वारा जनभागीदारी बढ़ाने तथा युवाओं और संगठनों को सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत साधारण एवं विशिष्ट सेवा कार्यों के लिए एक युवा एवं एक स्वैच्छिक संगठन को छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। व्यक्तिगत श्रेणी में चयनित युवा को 2 लाख 50 हजार रुपए तथा संगठन श्रेणी में चयनित संस्था को 5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
इसके अतिरिक्त सामाजिक, साहित्य, उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण क्षेत्र, युवात्मक सम्मान (महिला एवं बाल विकास), युवा सम्मान (मीडिया), युवा सम्मान (स्वास्थ्य), युवा सम्मान (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी), युवा सम्मान (दिव्यांगजन), युवा सम्मान (कला एवं संगीत) तथा युवा सम्मान (लोक कला) सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां अर्जित करने वाले युवाओं को सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक क्षेत्र में चयनित एक युवा को एक लाख रुपए की पुरस्कार राशि के साथ पदक, प्रमाण पत्र एवं शॉल प्रदान किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत सम्मान के लिए पात्र आवेदक का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना आवश्यक है। आवेदक की आयु 15 से 29 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। निर्धारित आयु की गणना वित्तीय वर्ष की अवधि के अनुसार की जाएगी। एक श्रेणी का युवा सम्मान किसी व्यक्ति अथवा संगठन को एक से अधिक बार प्रदान नहीं किया जाएगा।
जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिले के पात्र युवाओं एवं संगठनों से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की गई है। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए कार्यालय जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सारंगढ़–बिलाईगढ़ अथवा प्रभारी खेल अधिकारी से कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button