**सारंगढ के बीएसएनएल ऑफिस के दीवार पर प्रशासन द्वारा सजी नगर की संस्कृति के सामने वाहन पार्किंग का कब्जा

दीवारों पर सजी संस्कृति, सामने कब्जा जमाए पार्किंग — लाखों की पेंटिंग पर बेपरवाही भारी
सारंगढ़–बिलाईगढ़। शहर को सुंदर और सांस्कृतिक पहचान देने के उद्देश्य से BSNL कार्यालय परिसर की दीवारों पर लाखों रुपये खर्च कर आकर्षक पेंटिंग्स बनाई गई थीं। इन चित्रों में जिले के प्रसिद्ध मंदिर स्थलों और सांस्कृतिक धरोहरों को बेहद खूबसूरती से उकेरा गया था, जिससे राहगीरों को स्थानीय पहचान और कला का अनूठा संगम देखने को मिलता था। यह पहल न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाने वाली थी, बल्कि लोगों के बीच अपनी विरासत के प्रति जागरूकता भी पैदा कर रही थी। लेकिन समय के साथ इस सराहनीय प्रयास की चमक फीकी पड़ती नजर आ रही है। अब वही दीवारें, जो कभी लोगों के आकर्षण का केंद्र थीं, उनके सामने बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों ने जगह घेर ली है। स्थिति यह हो गई है कि पूरा क्षेत्र एक अस्थायी पार्किंग स्थल में तब्दील हो चुका है, जिससे पेंटिंग्स न तो साफ दिखाई देती हैं और न ही उनका उद्देश्य पूरा हो पा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के कार्यकाल में शहर सौंदर्यीकरण को लेकर विशेष ध्यान दिया जाता था, लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद इस दिशा में पहल धीमी पड़ गई है। अब न तो इन पेंटिंग्स के संरक्षण की चिंता दिख रही है और न ही अवैध पार्किंग पर रोक लगाने की। जरूरत है कि प्रशासन एक बार फिर इस ओर ध्यान दे, ताकि शहर की खूबसूरती और सांस्कृतिक पहचान को बचाया जा सके।



