बारिश के बाद प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास निर्माण कार्यों में आई तेजी, अधिकारी पहुंच रहे धरातल पर निरीक्षण करने

**बारिश के बाद प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास निर्माण कार्यों में आई तेजी, अधिकारी पहुंच रहे धरातल पर निरीक्षण करने**
**जिले में कुल 12,347 आवासों को पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित**
**कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी के नेतृत्व में अभियान तेज**
**ग्राम पंचायतों में ‘मुख्यमंत्री आवास पूर्णता महाभियान’ के तहत फील्ड पर पहुंचे आवास अधिकारी**
सारंगढ़-बिलाईगढ़:
बरसात का मौसम समाप्त होते ही मैदानी क्षेत्र सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में आवास निर्माण कार्यों में गति आ गई है। जिले में लंबित एवं नए स्वीकृत आवासों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो चुका है। आवास शाखा में नए अधिकारी की पदस्थापना से कार्य मे प्रगति की उम्मीद बंधी है। साथ ही विकासखंडों के आवास समन्वयकों एवं मैदानी अधिकारियों ने सीधे कार्यस्थल पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन व निरीक्षण तेज कर दिया है।
जिले में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री ऋषिकेश तिवारी के नेतृत्व में अभियान स्तर पर कार्य संचालित किया जा रहा है।
कुल 12,347 आवासों को पूर्ण करने की कार्ययोजना
प्रशासन के समक्ष वित्तीय वर्षवार आवासों को तय समय में पूरा कराने का लक्ष्य है, जिसमें शामिल हैं:
* वित्तीय वर्ष 2016-2023 के लंबित आवास: 1,952
* वित्तीय वर्ष 2024-2026 के लंबित आवास: 9,598
* मुख्यमंत्री आवास योजना के लंबित आवास: 797
कुल लंबित आवास : 12,347
धरातल पर उतरे अधिकारी, हितग्राहियों से सीधा संवाद
आवास पूर्णता महाभियान के अंतर्गत तीनों विकासखंडों के आवास अधिकारी गांवों में पहुंच रहे हैं। हाल ही में ग्राम पंचायत स्तर पर निर्माणाधीन आवासों का अधिकारियों द्वारा जायजा लिया जा रहा है और निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्णता के निर्देश दिए जा रहे है।
उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी के पूर्व में जनपद सीईओ रहते हुए सारंगढ़ ब्लॉक को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार प्राप्त हुआ था। उनके प्रशासनिक अनुभव से एक बार फिर जिले में आवास योजनाओं के तीव्र क्रियान्वयन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद बंधी है। प्रशासन शेष बचे सभी आवासों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए निरंतर निगरानी कर रहा है।



