CM साय ने कांग्रेस नेताओं को बताया फ्यूज बल्बः बिलासपुर में बोले-लगातार चुनाव हारने से बौखलाए, कभी नक्सलवाद से लड़ने का साहस नहीं दिखाया

CM साय ने कांग्रेस नेताओं को बताया फ्यूज बल्बः बिलासपुर में बोले-लगातार चुनाव हारने से बौखलाए, कभी नक्सलवाद से लड़ने का साहस नहीं दिखाया
बिलासपुर |—-
सीएम साय सोमवार को बिलासपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने ये बातें कही।
बिलासपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि लगातार चुनाव हारने से कांग्रेसी बौखला गए हैं। उनकी बातों में अब कोई वजन नहीं रह गया है। कांग्रेस नेता फ्यूज बल्ब की तरह हो चुके हैं।
दरअसल, सोमवार को मुख्यमंत्री साय जनजातीय गौरव दिवस और विकास कार्यों के लोकार्पण-उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने कभी नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में साहस नहीं दिखाया, उन्हें आज नक्सलवाद खत्म करने वाले जवानों का स्वागत करना चाहिए।
21 क्विंटल की सीमा तक मिलेगी अंतर की राशि
धान खरीदी पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने इस साल किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया है। मोदी की गारंटी के तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदने का वादा किया गया है।
उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में धान का उत्पादन एक जैसा नहीं होता। कई किसान एक एकड़ में 21 क्विंटल के बजाय 12 या 15 क्विंटल ही धान उगा पाते हैं। ऐसे किसानों को वास्तविक उत्पादन के बाद 21 क्विंटल की तय सीमा तक बची अंतर की राशि भी सरकार उनके बैंक खातों में भेजेगी।
15 क्विंटल धान बेचने पर भी मिलेंगे पूरे 13,839 रुपए
एक एकड़ में 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को भी पूरी सहायता राशि मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि 15 क्विंटल धान बेचने वाले किसानों को बाकी 6 क्विंटल की राशि भी दी जाएगी। इस तरह पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने सेंदरी धान खरीदी केंद्र में किसानों से बातचीत के दौरान यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वे किसान के बेटे हैं और खेती से जुड़ी परिस्थितियों को समझते हैं। इसके अलावा उन्होंने जिला कार्यालय में सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ भी किया।



