सारंगढ़-बिलाईगढ़

सफेद रोशनी बन रही सड़क का खतरा! मॉडिफाइड हेडलाइट्स से बढ़ रहा हादसों का आंकड़ा

*सफेद रोशनी बन रही सड़क का खतरा! मॉडिफाइड हेडलाइट्स से बढ़ रहा हादसों का आंकड़ा*

*तेज लाइट से चौंधिया रही आंखें, यातायात पुलिस सख्त-नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई*

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में लगातार हो रहे वाहन दुर्घटनाओं का एक वजह ये भी है कि अपने दो पहिया और चार पहिया वाहनों पर सफेद लाईट जिसे एलईडी लाईट भी कहते है लगभग आजकल सभी गाड़ियों में उपयोग किया जा रहा है।इस एलईडी लाईट को दो पहिया और चार पहिया वाहनों पर गाड़ी कम्पनी ही लगा कर बेच रही है जो कि इसी वजह से बहुत दुर्घटना सारंगढ जिले में हो रही है। वाहनों की हेडलाइट का उद्देश्य सड़क पर चालक को रास्ता दिखाना होता है, लेकिन आजकल कई वाहन चालकों द्वारा लगाई जा रही तेज और मॉडिफाइड हेडलाइट्स सड़क पर चलने वालों के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही हैं। रात के समय सामने से आने वाले वाहनों की तेज रोशनी सीधे आंखों पर पड़ती है, जिससे चालक कुछ क्षणों के लिए कुछ भी नहीं देख पाता। यही स्थिति कई बार गंभीर सड़क हादसों का कारण बन जाती है।

*फैशन बन गई तेज हेडलाइट*

आजकल युवाओं के बीच वाहनों में हाई पावर एलईडी और अत्यधिक तेज रोशनी वाली मॉडिफाइड हेडलाइट लगवाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। कई बाइक और कार चालक अपने वाहनों में ऐसी लाइटें लगवा रहे हैं जो सामान्य मानकों से कई गुना ज्यादा तेज होती हैं। यह केवल दिखावे और स्टाइल के लिए किया जा रहा है, लेकिन इसका खामियाजा सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों को भुगतना पड़ता है।
*कुछ सेकंड की चूक बन सकती है हादसे की वजह*

विशेषज्ञों के अनुसार सामने से आने वाली तेज रोशनी चालक की आंखों को कुछ क्षणों के लिए चौंधिया देती है। इस दौरान सड़क, मोड़, गड्ढे या सामने से आने वाला वाहन ठीक से दिखाई नहीं देता। ऐसे में अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ सकता है और दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। खासकर ग्रामीण और संकरी सड़कों पर यह समस्या और भी खतरनाक साबित हो रही है।

*नियमों के खिलाफ है एलईडी मॉडिफाइड हेडलाइट*

यातायात नियमों के अनुसार किसी भी वाहन में कंपनी द्वारा निर्धारित मानक हेडलाइट का ही उपयोग करना अनिवार्य है। अत्यधिक तेज या मॉडिफाइड हेडलाइट लगाना नियमों का सीधा उल्लंघन है। इसके बावजूद कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।

*यातायात पुलिस सख्त, होगी कड़ी कार्रवाई*

इस संबंध में रक्षित निरीक्षक एवं यातायात प्रभारी जितेंद्र चंद्रा ने कहा कि मॉडिफाइड और अत्यधिक तेज हेडलाइट लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे वाहन चालक न केवल नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं बल्कि सड़क पर अन्य लोगों की जान भी जोखिम में डाल रहे हैं। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि यदि किसी वाहन में नियमों के विरुद्ध तेज या मॉडिफाइड हेडलाइट पाई जाती है तो उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर लाइट भी हटवाई जाएगी।

*वाहन चालकों से कड़ा निवेदन*

यातायात प्रभारी जितेंद्र चंद्रा ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपने वाहनों में लगी मॉडिफाइड या अत्यधिक तेज हेडलाइट्स तुरंत हटवा लें और केवल मानक लाइट का ही प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सभी वाहन चालक जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं। उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षित ड्राइविंग केवल नियमों का पालन करने से ही संभव है। यदि सभी लोग जागरूक होकर यातायात नियमों का पालन करेंगे, तो निश्चित रूप से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
*संदेश स्पष्ट है—* सुरक्षित ड्राइविंग अपनाएं, खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button