सरिया में रेत माफिया का साम्राज्य: डंपिंग का खुला खेल, प्रशासन बना ‘मौन सहयोगी’!*

*सरिया में रेत माफिया का साम्राज्य: डंपिंग का खुला खेल, प्रशासन बना ‘मौन सहयोगी’!*
सारंगढ़ खबर। सारंगढ़ -बिलाईगढ़ जिले के सरिया क्षेत्र में इन दिनों रेत डंप का खेल खुलेआम परवान चढ़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि सड़कों किनारे और खाली जमीनों पर बड़े पैमाने पर रेत का भंडारण किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार प्रशासन या तो अनजान बना हुआ है या फिर जानकर भी आंखें मूंदे बैठा है।स्थानीय लोगों की मानें तो बिना किसी स्पष्ट अनुमति के रेत डंपिंग का यह सिलसिला लंबे समय से जारी है। दिन हो या रात, ट्रैक्टर-ट्रॉली और हाईवा बेखौफ रेत गिरा रहे हैं, मानो नियम-कायदों का यहां कोई अस्तित्व ही न हो। सवाल यह उठता है कि आखिर किसके संरक्षण में यह रेत का कारोबार फल-फूल रहा है? कटाक्ष यह भी है कि जहां आम आदमी छोटी-सी गलती पर नियमों के जाल में फंस जाता है, वहीं यहां खुलेआम हो रहे इस खेल पर प्रशासन की नजर नहीं पड़ रही। या यूं कहें कि नजर है, पर नजरअंदाज है। इस पूरे मामले में खामोशी कई सवाल खड़े करती है—क्या यह सिर्फ लापरवाही है या फिर कोई अदृश्य गठजोड़? अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस रेत डंप लीला पर कब तक मौन साधे रहता है, या फिर कभी कार्रवाई की आंधी भी चलेगी।



