पारा 44 डिग्री के पार… दोपहर में बाजार सूने, कूलर व पंखे भी फेल

सारंगढ़ खबर न्यूज,सारंगढ
नौतपा ने अब अपना असली असर दिखाना शुरू कर दिया है। सारंगढ़ में गुरुवार को चौथे दिन तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सुबह 8 बजे से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में कैद कर दिया। दोपहर 12 बजे के बाद शहर के मुख्य बाजार, चौक-चौराहे और सड़कें लगभग सूनी नजर आने लगीं। जरूरी काम होने पर ही लोग पूरे शरीर को ढंककर बाहर निकल रहे हैं।
गर्मी का असर अब घरों के भीतर भी महसूस होने लगा है। कूलर और पंखे राहत देने के बजाय गर्म हवा फेंक रहे हैं। दोपहर और शाम के समय हवा बंद होने से उमस और बेचैनी और बढ़ गई है। ऊपर से बिजली की आंख-मिचौली ने लोगों की परेशानी दोगुनी कर दी है। कई इलाकों में बार-बार बिजली गुल होने से लोग रातभर ठीक से सो नहीं पा रहे हैं।
जलस्रोत सूखे, मवेशी-पक्षी भी बेहालः भीषण गर्मी का असर इंसानों के साथ पशु-पक्षियों पर भी दिखने लगा है। अंचल के तालाब, पोखरे और छोटे जलस्रोत तेजी से सूख रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मवेशियों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। पक्षी भी पानी और छांव की तलाश में परेशान नजर आ रहे हैं। कुछ सामाजिक संगठनों ने पेड़ों पर परिंडे बांधने और सार्वजनिक स्थानों पर पानी रखने की पहल शुरू की है।
अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, तेज बुखार और हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या बढ़ी जिला अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। उल्टी-दस्त, डिहाइड्रेशन, तेज बुखार और हीट स्ट्रोक के मरीज लगातार पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चों और बुजुर्गों पर गर्मी का असर ज्यादा पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने दोपहर में धूप से बचने और ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है।



