Cmo chhattisgarhdprpibpolitics sarangarhsarangarhTop newsUncategorizedजिला पंचायतजिला सारंगढ-बिलाईगढ़

टीमरलगा पंचायत में पांच साल से अधिक समय से जमे सचिव पर उठे सवाल, गौण खनिज मद के लाखो रुपये के हिसाब की हो निष्पक्ष जांच*

**टीमरलगा पंचायत में पांच साल से अधिक समय से जमे सचिव पर उठे सवाल, गौण खनिज मद के लाखो रुपये के हिसाब की हो निष्पक्ष जांच**
**सरपंच पति टेकराम पटेल उर्फ मुन्ना पटेल नाथलदाई मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष भी, पंचायत और मंदिर ट्रस्ट के बीच वित्तीय लेन-देन को लेकर पारदर्शिता की मांग**
सारंगढ़ खबर न्यूज——। जिले की ग्राम पंचायत टीमरलगा इन दिनों पंचायत संचालन, सचिव की लंबे समय से पदस्थापना और गौण खनिज मद से प्राप्त होने वाली लाखों रुपये की राशि को लेकर चर्चा का विषय बन सकती है। स्थानीय स्तर पर उठ रहे सवालों के अनुसार ग्राम पंचायत टीमरलगा में एक सचिव है जो अंगद के पांव की तरह पांच वर्षों से अधिक समय से टिमरलगा पंचायत में पदस्थ हैं। लंबे समय तक एक ही पंचायत में सचिव के जमे रहने से पंचायत के कामकाज, प्रशासनिक पारदर्शिता और वित्तीय व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
सबसे महत्वपूर्ण सवाल ग्राम पंचायत को मिलने वाली गौण खनिज मद की राशि को लेकर है। बताया जा रहा है कि टीमरलगा ग्राम पंचायत को प्रतिवर्ष लाखो रुपये गौण खनिज मद के रूप में प्राप्त होते हैं। यदि यह राशि प्रतिवर्ष पंचायत को मिल रही है, तो ग्रामीणों का जानना जरूरी है कि इस राशि से किन-किन विकास कार्यों को स्वीकृति मिली, कितने कार्य धरातल पर पूरे हुए और कितनी राशि का भुगतान किया गया?
**सरपंच पति और मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष की दोहरी भूमिका चर्चा में**
इस पूरे मामले में ग्राम पंचायत टीमरलगा के सरपंच के पति टेकराम पटेल उर्फ मुन्ना पटेल की भूमिका भी चर्चा का विषय बन रही है। जानकारी के अनुसार मुन्ना पटेल नाथलदाई मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष भी हैं। ऐसे में पंचायत से जुड़े कार्यों और मंदिर ट्रस्ट से संबंधित गतिविधियों के बीच किसी प्रकार का वित्तीय लेन-देन अथवा आर्थिक संबंध है या नहीं, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने आनी चाहिए।
यदि ग्राम पंचायत की राशि से मंदिर ट्रस्ट को किसी प्रकार की सहायता, अनुदान अथवा भुगतान किया गया है, तो उसके लिए पारित पंचायत प्रस्ताव, सक्षम प्राधिकारी की अनुमति, राशि के उपयोग का उद्देश्य और खर्च का पूरा हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए।
यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि पंचायत की विकास राशि का उपयोग केवल स्वीकृत सार्वजनिक हित के कार्यों में किया गया है या किसी अन्य उद्देश्य के लिए भी राशि खर्च की गई है।
**हर साल लाखों रुपये, फिर विकास कार्यों का पूरा हिसाब कहां?**
गौण खनिज मद की राशि किसी भी क्षेत्र में खनन गतिविधियों से प्रभावित इलाकों के विकास और जनहित के कार्यों के लिए महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में टीमरलगा पंचायत को यदि प्रतिवर्ष 50 से 55 लाख रुपये मिल रहे हैं, तो पिछले पांच वर्षों का हिसाब सामने आना चाहिए।
विशेष रूप से यह जांच होनी चाहिए कि स्वीकृत निर्माण कार्य वास्तव में हुए हैं या नहीं, कार्यों की गुणवत्ता कैसी है और भुगतान वास्तविक कार्यों के अनुरूप किया गया है या नहीं।
**प्रशासन से उठ रहे प्रमुख सवाल**
ग्राम पंचायत टीमरलगा में सचिव अंगद की पांव की तरह पांच वर्षों से अधिक समय तक पदस्थापना का आधार क्या है? क्या उनके स्थानांतरण अथवा पदस्थापना की समीक्षा की गई है?
क्या पंचायत की राशि से नाथलदाई मंदिर ट्रस्ट को कोई आर्थिक सहायता या भुगतान किया गया है?
यदि मंदिर ट्रस्ट को कोई राशि दी गई है, तो क्या इसके लिए विधिवत प्रस्ताव और सक्षम प्राधिकारी की अनुमति ली गई?
पंचायत के वित्तीय लेन-देन और निर्माण कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) कब कराया गया?
क्या पंचायत के समस्त आय-व्यय और निर्माण कार्यों का रिकॉर्ड ग्रामीणों के लिए सार्वजनिक है?
**कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग**
टीमरलगा पंचायत में उठ रहे इन सवालों पर जिला प्रशासन, जिला पंचायत सीईओ और जनपद पंचायत के अधिकारियों को संज्ञान लेकर टिमरलगा सरपंच पति जो माँ नाथलदाई मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष है की वित्तीय स्थिति की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए।
साथ ही पंचायत सचिव की लंबे समय से एक ही पंचायत में पदस्थापना के कारणों की भी विभागीय स्तर पर समीक्षा होनी चाहिए।
सवाल किसी व्यक्ति विशेष को दोषी ठहराने का नहीं, बल्कि ग्राम पंचायत में आने वाली जनता की विकास राशि के एक-एक रुपये का हिसाब सामने लाने का है। यदि सब कुछ नियमानुसार हुआ है तो दस्तावेजों से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी, लेकिन यदि जांच में वित्तीय अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button