*जंगली सुअर के मांस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, वन विभाग की टीम ने की कार्रवाई*

**जंगली सुअर के मांस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, वन विभाग की टीम ने की कार्रवाई**
सारंगढ़। वन्यजीवों के अवैध शिकार एवं वन्यजीव अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वन विभाग को गुप्त सूत्रों से ग्राम सेमरा पाली में एक नग जंगली सुअर के शिकार एवं उसके मांस रखे होने की सूचना प्राप्त हुई।
सूचना प्राप्त होते ही वन विभाग की टीम तत्काल ग्राम सेमरा पाली स्थित मौके पर पहुँची तथा डॉग स्क्वॉयड की सहायता से तलाशी अभियान प्रारंभ किया। तलाशी के दौरान मौके से जंगली सुअर का मांस एवं बाल बरामद कर विधिवत जप्त किए गए।
उक्त मामले में वन विभाग द्वारा तत्काल वन अपराध प्रकरण क्रमांक **4923/19, दिनांक 21.11.2026** दर्ज किया गया। प्रकरण में वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विस्तृत जांच प्रारंभ की गई।
प्रकरण की विवेचना के दौरान दो आरोपियों भेष कुमार थुरिया एवं युवराज उर्फ मोहन पटेल को गिरफ्तार किया गया। तत्पश्चात दोनों आरोपियों को विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय सारंगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
वन विभाग द्वारा वन्यजीवों के अवैध शिकार एवं वन्यजीव अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।



