स्वच्छ शौचालय, गरिमामयी भविष्य अभियान के तहत ग्राम पंचायत कटेली में स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन

स्वच्छ शौचालय, गरिमामयी भविष्य अभियान के तहत ग्राम पंचायत कटेली में स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन
सारंगढ़, 26 नवंबर 2026। स्वच्छ शौचालय, गरिमामयी भविष्य अभियान एवं संविधान दिवस पर ग्राम पंचायत कटेली, जनपद पंचायत सारंगढ़ के अमृत सरोवर स्थल पर स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना तथा स्वच्छता को जनभागीदारी से जनआंदोलन का स्वरूप देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छताग्राहियों, महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यों, नागरिकों तथा विद्यालयीन छात्र-छात्राओं द्वारा स्वच्छता शपथ ली गई। इस अवसर पर स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में श्री ऋषिकेश तिवारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, श्रीमती ममता राजू ठाकुर, अध्यक्ष, जनपद पंचायत सारंगढ़, श्री राधेश्याम नायक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत सारंगढ़, ग्राम पंचायत कटेली के सरपंच, महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य, स्वच्छताग्राही, स्थानीय नागरिक तथा विद्यालय के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। शौचालय का नियमित उपयोग, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, कचरे का उचित प्रबंधन तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान अमृत सरोवर स्थल एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता गतिविधियों को निरंतर जारी रखने पर विशेष जोर दिया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों से अभियान से जुड़कर “स्वच्छ शौचालय, गरिमामयी भविष्य” के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।



