वन्यजीव सप्ताह पर 10 किलोमीटर मैराथन का आयोजन, तेन्दुधार बैरियर से दौड़ेंगे प्रतिभागी

*वन्यजीव सप्ताह पर 10 किलोमीटर मैराथन का आयोजन, तेन्दुधार बैरियर से दौड़ेंगे प्रतिभागी*
सारंगढ़ खबर न्यूज,सारंगढ—– वन्यजीव संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना जगाने के उद्देश्य से वन्यजीव सप्ताह 2025 के अवसर पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ वनमंडल द्वारा 10 किलोमीटर मैराथन दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। यह मैराथन आगामी 8 अक्टूबर की सुबह 7 बजे तेन्दुधार बैरियर से प्रारंभ होगी। इस आयोजन की थीम “Run for Nature, Wildlife Safety” रखी गई है। कार्यक्रम का नेतृत्व वनमंडलाधिकारी (DFO) विपुल अग्रवाल के मार्गदर्शन में तथा गोमर्डा अभयारण्य के वन परिक्षेत्र अधिकारी (SDO) अंकित पांडेय के संचालन में किया जा रहा है। इस मैराथन में विद्यार्थियों, युवाओं और पर्यावरण प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों में वन्यजीवों की सुरक्षा, पर्यावरण संतुलन एवं प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है।प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए कुल 5000 रूपये के नकद पुरस्कार रखे गए हैं-प्रथम पुरस्कार 3000 रूपये और द्वितीय पुरस्कार 2000 रूपये। साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और प्रोत्साहन स्वरूप उपहार भी प्रदान किए जाएंगे। DFO विपुल अग्रवाल ने बताया कि यह पहल युवाओं में फिटनेस और पर्यावरण सुरक्षा दोनों के प्रति सकारात्मक संदेश देने का प्रयास है। वहीं SDO अंकित पांडेय ने कहा कि इस आयोजन से लोगों में वन्यजीवों और जंगलों की सुरक्षा को लेकर नई सोच विकसित होगी।



