cmodprpibसारंगढ-बिलाईगढ़

खबर का असर करनपाली के निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालय में शुरू हुई सफाई एवं निर्माण कार्य

समाचार पत्र में खबर प्रकाशित होते ही जनपद सीईओ ने दिखाई सख्ती, सरपंच-सचिव को जारी किया कारण बताओ नोटिस

खबर का असर
करनपाली के निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालय में शुरू हुई सफाई एवं निर्माण कार्य

समाचार पत्र में खबर प्रकाशित होते ही जनपद सीईओ ने दिखाई सख्ती, सरपंच-सचिव को जारी किया कारण बताओ नोटिस

सारंगढ खबर न्यूज,सारंगढ/बरमकेला। ग्राम पंचायत करनपाली में लगभग 4.50 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालय की बदहाल स्थिति को लेकर प्रकाशित समाचार का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। समाचार पत्र में खबर प्रकाशित होने के बाद जनपद पंचायत बरमकेला प्रशासन हरकत में आया और मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत करनपाली के सरपंच एवं सचिव को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। प्रशासनिक सख्ती के बाद शौचालय परिसर में सफाई कार्य प्रारंभ कर दिया गया है तथा अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा करने की कवायद भी तेज हो गई है।

गौरतलब है कि समाचार पत्र में प्रकाशित खबर में करनपाली के निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालय की वास्तविक स्थिति को प्रमुखता से उजागर किया गया था। खबर में बताया गया था कि वर्ष 2022-23 में स्वीकृत लगभग 4.50 लाख रुपये की लागत वाला यह निर्माण कार्य आज तक पूर्ण नहीं हो सका है। शौचालय के दोनों कक्षों में सीट स्थापित नहीं थी, परिसर में झाड़ियां और गंदगी फैली हुई थी तथा निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरी अवस्था में पड़ा हुआ था। ग्रामीणों ने इसे पंचायत प्रशासन की निष्क्रियता बताते हुए मामले की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की थी।

समाचार प्रकाशित होने के बाद मामला जनपद पंचायत बरमकेला के संज्ञान में आया। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अजय पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत करनपाली के सरपंच एवं सचिव को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया। जारी नोटिस में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि मनरेगा एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत ग्राम पंचायत करनपाली में सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण नहीं किया गया।

नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश पूर्व में भी दिए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य अधूरा पाया गया, जो शासकीय कार्यों के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता को दर्शाता है। प्रशासन ने इस स्थिति को गंभीर मानते हुए संबंधितों से स्पष्टीकरण मांगा है।

पांच दिनों के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश

जनपद पंचायत द्वारा जारी कारण बताओ सूचना पत्र में सरपंच एवं सचिव को निर्देशित किया गया है कि सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य को पांच दिनों के भीतर पूर्ण कर प्रतिवेदन सहित कार्यालय में उपस्थित हों। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण नहीं किया गया अथवा संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया, तो नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासनिक नोटिस जारी होने के बाद पंचायत स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। शौचालय परिसर में उगी झाड़ियों को हटाने, आसपास फैली गंदगी की सफाई करने तथा अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा करने की दिशा में कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। लंबे समय से उपेक्षित पड़े परिसर में अचानक शुरू हुई गतिविधियों ने ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया है।

सफाई कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में जगी उम्मीद

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से यह निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ था और इस दिशा में कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही थी। समाचार प्रकाशित होने और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद अब परिसर में सफाई एवं निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही यह सुविधा उनके उपयोग के लिए उपलब्ध हो सकेगी।

 

जनपद सीईओ की त्वरित कार्रवाई की हो रही सराहना

मामले में जनपद पंचायत बरमकेला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अजय पटेल द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए सरपंच एवं सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की ग्रामीणों ने सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि समाचार प्रकाशित होने के बाद जिस तेजी से जनपद सीईओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की, उससे लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जनहित से जुड़े मामलों में इसी प्रकार समय पर हस्तक्षेप और निगरानी की जाए तो शासन की योजनाओं का लाभ वास्तव में आम लोगों तक पहुंच सकता है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि जनपद सीईओ के निर्देशों के अनुरूप निर्माण कार्य जल्द पूर्ण होगा और सामुदायिक शौचालय को शीघ्र ही ग्रामीणों के उपयोग के लिए शुरू किया जाएगा।

अब परिणाम पर टिकी हैं निगाहें

हालांकि प्रशासनिक कार्रवाई के बाद निर्माण एवं सफाई कार्य शुरू हो गया है, लेकिन अब लोगों की निगाहें अंतिम परिणाम पर टिकी हुई हैं।

फिलहाल जनपद पंचायत द्वारा जारी नोटिस और उसके बाद शुरू हुई गतिविधियों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनहित से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से उठाने पर सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। अब देखना होगा कि निर्धारित पांच दिनों की समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण होता है या नहीं और करनपाली के ग्रामीणों को इस बहुप्रतीक्षित सुविधा का लाभ कब तक मिल पाता है।

“ग्राम पंचायत करनपाली के सरपंच एवं सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही उन्हें पांच दिवस के भीतर सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य पूर्ण कर प्रमाण सहित प्रस्तुत होने के निर्देश दिए गए हैं।”
— अजय पटेल
मुख्य कार्यपालन अधिकारी
जनपद पंचायत बरमकेला

सार्वजनिक शौचालय के आस पास की सफाई कराई गई है और निर्माण कार्य भी शुरू होगा
नीलमणि
सचिव ग्राम पंचायत करनपाली

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button