गौरवशाली 34वां वर्ष : राजापारा सारंगढ़ में श्री मानस यज्ञ समिति द्वारा नवधा रामायण का भव्य आयोजन

गौरवशाली 34वां वर्ष : राजापारा सारंगढ़ में श्री मानस यज्ञ समिति द्वारा नवधा रामायण का भव्य आयोजन
सारंगढ़ खबर न्यूज,सारंगढ। नगर के राजापारा स्थित श्री मानस यज्ञ समिति द्वारा अपने गौरवशाली 34वें वर्ष के अवसर पर लोक कल्याण, विश्व शांति, सांप्रदायिक सौहार्द, राज्य की उन्नति एवं देश की प्रगति की मंगलकामना के साथ श्री मानस यज्ञ नवधा रामायण का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 21 मई 2026, गुरुवार से प्रारंभ होगा, जिसमें श्रद्धालुजन प्रभु श्रीराम की दिव्य लीलाओं एवं कथा का श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त करेंगे।
समिति द्वारा नगर एवं क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन गाथा का स्मरण एवं श्रवण करने की अपील की गई है।
आयोजन के अंतर्गत प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी आकर्षक प्रस्तुति होगी। कार्यक्रमों की श्रृंखला में 27 मई 2026 की रात्रि 10 बजे से छत्तीसगढ़िया बेटी अरु साहू एवं म्यूजिकल ग्रुप अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं 28 मई 2026 को रात्रि 10 बजे से नीलकमल वैष्णव एवं म्यूजिकल ग्रुप द्वारा भजन संध्या का आयोजन होगा।
इसके अलावा 29 मई 2026 को प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक लक्ष्मीनारायण पाण्डेय एवं म्यूजिकल ग्रुप द्वारा विशेष प्रस्तुति दी जाएगी, जिसका आयोजन रात्रि 10 बजे से होगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत कलश यात्रा संध्या 4 बजे निकाली जाएगी, वहीं विशेष श्रीराम राज्याभिषेक पूजन रात्रि 11:30 बजे संपन्न होगा।
इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। समिति द्वारा आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।



