विश्वास से विजय तक : तेजस्विनी नायक ने पुनर्मूल्यांकन के बाद टॉप-10 में बनाया 9 वां स्थान

*स. शि. मं. बरमकेला की तेजस्विनी नायक टॉप टेन में नवें स्थान पर*
सारंगढ खबर न्यूज,सारंगढ/बरमकेला।—– सरस्वती शिशु मंदिर, बरमकेला के लिए अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है कि विद्यालय की मेधावी छात्रा तेजस्विनी नायक, पिता श्री धनीराम नायक, जो की बरमकेला के निकटवर्ती ग्राम झनकपुर की निवासी है कक्षा दसवीं, सत्र 2025-26, में माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 600 पूर्णांक में 586 अंक (97.6 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में नवां स्थान अर्जित किया है।
इस सफलता की विशेषता यह है कि मुख्य परीक्षा परिणाम घोषित होने के समय तेजस्विनी मात्र दो अंकों से टॉप-10 सूची में स्थान प्राप्त करने से वंचित रह गई थीं। किंतु अपनी उत्तर पुस्तिकाओं पर पूर्ण विश्वास रखते हुए उन्होंने पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया। पुनर्मूल्यांकन के पश्चात उनके अंकों में तीन अंकों की वृद्धि हुई, जिसके परिणामस्वरूप उन्होंने न केवल अपनी प्रतिभा को सिद्ध किया, बल्कि प्रदेश की टॉप-10 सूची में अपना स्थान भी सुनिश्चित कर लिया।
विद्यालय परिवार को प्रारंभ से ही यह विश्वास था कि तेजस्विनी की प्रतिभा, परिश्रम और अध्ययनशीलता अवश्य ही उन्हें श्रेष्ठ विद्यार्थियों की श्रेणी में स्थापित करेगी। आज उनकी सफलता ने उस विश्वास को वास्तविकता में परिवर्तित कर दिया है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि आत्मविश्वास, निरंतर परिश्रम और धैर्य अंततः सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
तेजस्विनी की यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि विद्यालय, परिवार और संपूर्ण क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी लगन, अनुशासन और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन आज अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, समस्त आचार्यगण, विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने तेजस्विनी नायक को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी।
तेजस्विनी की इस ऐतिहासिक सफलता से उनके माता-पिता, परिवारजन एवं शुभचिंतकों में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। परिजनों ने पुत्री की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे हार्दिक बधाई दी तथा भविष्य में और अधिक ऊँचाइयाँ प्राप्त करने के लिए शुभाशीष प्रदान किया।
सरस्वती शिशु मंदिर परिवार ईश्वर से प्रार्थना करता है कि तेजस्विनी नायक ज्ञान, संस्कार, परिश्रम और सफलता के पथ पर निरंतर अग्रसर रहें तथा अपने जीवन में उच्चतम शिखरों को स्पर्श करें।



