छत्तीसगढ़ में IED ब्लास्ट, 3 जवान शहीदः इसमें DRG के इंस्पेक्टर भी शामिल, 1 घायल;

कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर माइनिंग हटाते समय हादसा
सारंगढ खबर न्यूज,सारंगढ/जगदलपुर—–
IED ब्लास्ट में घायल जवान को अस्पताल भेजा गया।
छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर शनिवार को IED ब्लास्ट में 3 जवान शहीद हो गए। जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है।
फोर्स शनिवार सुबह कोरोसकोडा के जंगल में सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों की बिछाई गई IED को डिप्यूज करते समय अचानक जोरदार धमाका हुआ।
मामला छोटेबेठिया थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि धमाका इतना तेज था कि मौके पर मौजूद जवानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे में घायल जवानों का तुरंत रेस्क्यू किया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण 3 जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल जवान परमानंद कोमरा को बेहतर इलाज के लिए कांकेर रवाना किया गया है।
DRG के ये जवान शहीद हुए
- सुखराम वट्टी (इंस्पेक्टर)
- कृष्णा कोमरा (कॉन्स्टेबल)
- संजय गढपाले (कॉन्स्टेबल)
छोटेबेठिया क्षेत्र और उससे लगे इलाकों में अब तक सैकड़ों IED हटाए जा चुके हैं, लेकिन आज अचानक IED ब्लास्ट हो गया, 3 जवान शहीद हुए हैं।
सुंदरराज पी.IG, बस्तर रेंज
**बस्तर IG बोले- सूचना के आधार पर चल रहा था अभियान**
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि, सरेंडर कर चुके नक्सलियों से मिले इनपुट के आधार पर पिछले कुछ महीनों से लगातार आईईडी बरामदगी का अभियान चलाया जा रहा है। आज का अभियान भी उसी का हिस्सा था। घायल जवान का इलाज जारी है।
