chhattisgarhcmodprpibraipurUncategorizedरायपुर पुलिस

छत्तीसगढ़ सब इंस्पेक्टर परीक्षा में पास होने वाले ”हे राम, तुफैल और न्यूज” आए सामने; छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने भी जारी किया बयान

छत्तीसगढ़ में सुबेदार, सब-इंस्पेक्टर (SI) और प्लाटून कमांडर के पदों के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की भर्ती परीक्षा के शुरुआती नतीजों में “News”, “Spacerani” और “Manbas” जैसे अजीब नाम सामने आने के बाद एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।

रायपुरः छत्तीसगढ़ में सब इंस्पेक्टर प्री एग्जाम 2024 के रिजल्ट ‘Spacerani’ और ‘News’ जैसे अजीब नामों ने विवाद खड़ा कर दिया है। नतीजे आने के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर मेरिट लिस्ट के स्क्रीनशॉट वायरल हो गए, क्योंकि लोगों ने “Manbas”, “Spacerani”, “He Ram”, “Bhakt Prahlad”, “Tufail” और “News” जैसे नामों वाले उम्मीदवारों को लिस्ट में देखा।

कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं, जबकि CGPSC ने विवाद को खारिज करते हुए कहा है कि ये नाम उम्मीदवारों ने खुद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के दौरान भरे थे और इनसे किसी भी तरह की गड़बड़ी का संकेत नहीं मिलता।

कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर उठाए सवाल

कांग्रेस ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए पूरी भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग की ताकि इसकी विश्वसनीयता बनी रहे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी X पर एक पोस्ट के ज़रिए बीजेपी सरकार पर तंज कसा। शुरुआती परीक्षा पास करने वाले “News” और “Spacerani” नाम के उम्मीदवारों को बधाई देते हुए बघेल ने व्यंग्य करते हुए कहा कि “महतारी वंदन योजना के तहत सनी लियोन को लाभ मिलने के बाद, विष्णु देव साय सरकार के तहत यह एक और अभूतपूर्व उपलब्धि है।” एक करोड़ रुपए के प्रतिदिन विज्ञापन देकर जनसम्पर्क विभाग को चौराहों पर इस उपलब्धि को टांगना चाहिए ताकि आने वाले दिनों में “रेडियो” और SPACE राजा भी किसी परीक्षा में सफल हो सकें।

अजीब नाम वाले अभ्यर्थी आए सामने

वहीं, छत्तीसगढ़ सब इंस्पेक्टर की परीक्षा में पास होने वाले तुफैल, हे राम और न्यूज नाम के अभ्यर्थी मीडिया के सामने आए हैं और उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत के बाद उन्हें परीक्षा में सफलता मिली है।

अभ्यर्थियों ने कहा कि मार्कशीट में जो नाम था उसी के आधार पर आवेदन किया गया था। किसी को भी उनके अजीब नाम से परेशानी नहीं होनी चाहिए। तुफैल ने कहा कि उनका यही नाम है। इसलिए उन्होंने इस नाम से आवेदन किया था।

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग का आया बयान

वहीं, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा परिणाम में अभ्यर्थियों के वही नाम प्रदर्शित किए गए हैं, जो उन्होंने स्वयं अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में दर्ज कर अंतिम रूप से सबमिट किए थे। इन्हीं नामों के आधार पर अभ्यर्थियों का दस्तावेज़ सत्यापन, शारीरिक परीक्षण (PST) और प्रारंभिक लिखित परीक्षा संपन्न हुई थी। आयोग ने कहा कि अभ्यर्थियों के प्रवेश-पत्र (Admit Card) में भी यही नाम अंकित थे। इन्हीं नामों के आधार पर अभ्यर्थियों का दस्तावेज़ सत्यापन किया गया। अवर सचिव छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने सभी अभ्यर्थियों और जनसामान्य से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही ऐसी किसी भी असत्य, भ्रामक और तथ्यहीन जानकारी या अफ़वाहों पर विश्वास न करें। परीक्षा से जुड़ी किसी भी अधिकृत जानकारी के लिए केवल छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button