शहरवासियों ने जिला कलेक्टर से उठाई सारंगढ़ को सुंदर बनाने की दोहरी मांग नगर के प्रमुख चौक चौराहों पर हाईमास्ट लाईट की भी मां

सारंगढ़- बिलाईगढ़ । शहर को सुंदर, व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए अब शहरवासियों ने एकजुट होकर दो प्रमुख मांगें प्रशासन के सामने रखी हैं-प्रमुख प्रवेश मार्गों पर भव्य स्वागत गेट का निर्माण और चौक-चौराहों पर हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था। लोगों का कहना है कि इन दोनों कार्यों से न सिर्फ शहर की पहचान मजबूत होगी, बल्कि सारंगढ़ एक मॉडल शहर के रूप में उभर सकेगा। नागरिकों के अनुसार रायपुर रोड, बिलासपुर रोड, रायगढ़ रोड, कोसीर रोड और उलखर रोड जैसे मुख्य मार्ग शहर के प्रवेश द्वार हैं, जहां आकर्षक स्वागत गेट बनने से बाहर से आने वाले लोगों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। वहीं, शहर के प्रमुख चौक – बस स्टैंड, बाजार क्षेत्र और अन्य व्यस्त स्थान – अभी भी पर्याप्त रोशनी के अभाव में पिछड़े नजर आते हैं। लोगों का मानना है कि चौक-चौराहों पर हाईमास्ट लाइट लगाने से रात के समय न केवल शहर जगमगाएगा, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी। इससे दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगेगा। साथ ही त्योहारों और विशेष अवसरों पर सजा-धजा शहर अपनी अलग पहचान बनाएगा। शहरवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि इन जनभावनाओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि सारंगढ़ को सुंदर और जगमग शहर के रूप में नई पहचान मिल सके।



