बरमकेला पुलिस का विशेष अभियान, नाबालिग चालकों, मॉडिफाइड साइलेंसर और यातायात नियम तोड़ने वालों पर चला शिकंजा

सारंगढ खबर अखबार में प्रकाशित होने के बाद हरकत में बरमकेला पुलिस
सारंगढ खबर न्यूज,सारंगढ/बरमकेला। ——नगर में मॉडिफाइड साइलेंसर, अवैध प्रेशर हॉर्न, तेज रफ्तार एवं नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन को लेकर प्रकाशित समाचार के बाद बरमकेला पुलिस हरकत में आ गई। थाना प्रभारी ए.के. बैक के निर्देशन में पुलिस टीम ने नगर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों एवं विद्यालयों के आसपास विशेष सघन वाहन जांच अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की।

नगर में पिछले कुछ समय से मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज, ट्रिपल सवारी, बिना हेलमेट वाहन संचालन, नाबालिगों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। वहीं सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी और मॉडिफाइड वाहनों के बढ़ते प्रभाव के चलते युवाओं में भी ऐसी प्रवृत्तियां बढ़ती दिखाई दे रही थीं। स्थानीय नागरिकों ने भी इस समस्या को गंभीर बताते हुए पुलिस प्रशासन से विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की मांग की थी।
जिले के अखबार “सारंगढ खबर” में समाचार प्रकाशित होने के बाद बरमकेला पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर में व्यापक स्तर पर जांच अभियान संचालित किया। पुलिस टीम ने विशेष रूप से विद्यालयों के आसपास जांच कर यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि नाबालिग विद्यार्थी बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन लेकर विद्यालय न पहुंचें। इसके साथ ही मुख्य बाजार, बस स्टैंड, चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी वाहनों की जांच की गई।
विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों की जांच की। साथ ही ट्रिपल सवारी, बिना हेलमेट वाहन चलाना, आवश्यक दस्तावेज साथ नहीं रखना, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाना तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
24 लोगों पर हुई चालानी कार्यवाही
बरमकेला पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन, मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग, ट्रिपल सवारी तथा अन्य यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले कुल 24 लोगों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ध्वनि प्रदूषण और सड़क सुरक्षा दोनों पर फोकस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर और अवैध हॉर्न केवल ध्वनि प्रदूषण ही नहीं फैलाते, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी परेशानी का कारण बनते हैं। वहीं तेज रफ्तार, ट्रिपल सवारी और नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन जैसी लापरवाहियां गंभीर सड़क दुर्घटनाओं को भी आमंत्रित करती हैं। इसलिए अभियान के दौरान ध्वनि प्रदूषण और सड़क सुरक्षा दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की गई।
पुलिस ने युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने या दूसरों को प्रभावित करने के लिए स्टंटबाजी, तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर जैसी गतिविधियों से दूर रहें। सार्वजनिक सड़कें स्टंट करने का स्थान नहीं हैं और थोड़ी-सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
स्थानीय नागरिकों ने बरमकेला पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है साथ ही पुलिस प्रशासन से उम्मीद जताई है कि इस प्रकार की कार्यवाही समय समय पर होती रहे
“विशेष अभियान के दौरान विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 24 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की समझाइश भी दी गई। ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।”
— ए.के. बैग
थाना प्रभारी, थाना बरमकेला



